HomeLifestyleTravel2030 तक मुंबई में रोजाना चलेंगी 3,500 लोकल फेरियां, रेलवे के उन्नयन...

2030 तक मुंबई में रोजाना चलेंगी 3,500 लोकल फेरियां, रेलवे के उन्नयन पर 18 हजार करोड़ रुपये के काम जारी

मुंबई-सावंतवाड़ी एक्सप्रेस को उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दिखाई हरी झंडी

मुंबई। मुंबई की मौजूदा रेल व्यवस्था विश्वसनीय है और आधुनिक तकनीक के माध्यम से इसे और उन्नत किया जाएगा। मुंबई उपनगरीय रेलवे की क्षमता बढ़ाने के लिए करीब 18 हजार करोड़ रुपये के विभिन्न कार्य चल रहे हैं। वर्तमान में प्रतिदिन चलने वाली करीब 3,200 लोकल फेरियों को आधुनिक तकनीक और मजबूत बुनियादी ढांचे के माध्यम से वर्ष 2030 तक बढ़ाकर 3,500 करने का लक्ष्य रखा गया है। यह जानकारी केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी। गुरुवार को छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) के प्लेटफॉर्म नंबर 18 पर आयोजित मुंबई-सावंतवाड़ी एक्सप्रेस के शुभारंभ कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए। विधानसभा अध्यक्ष एड. राहुल नार्वेकर, मत्स्य व्यवसाय एवं बंदरगाह मंत्री नितेश राणे, महापौर रितु तावड़े सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी कार्यक्रम में उपस्थित थे। रेल मंत्री वैष्णव ने कहा कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इस वर्ष 350 विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। आवश्यकता पड़ने पर रेलवे प्रशासन 20 और विशेष ट्रेनें चलाने के लिए तैयार है। यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराना रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुंबई लोकल में यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए प्रत्येक लोकल में स्वचालित दरवाजे लगाने का निर्णय लिया गया है। रेलवे बोर्ड ने 238 वातानुकूलित लोकल रेक के निर्माण का आदेश दिया है। इनके निर्माण में मॉडर्न कोच फैक्ट्री और रेल कोच फैक्ट्री के बीच समन्वय रहेगा। नई वातानुकूलित लोकल की पहली ट्रेन 2027 में उपलब्ध होगी, जबकि वर्ष 2030 तक सभी 238 रेक का निर्माण और आपूर्ति पूरी करने की योजना है।
कोकण के पर्यटन विकास को मिलेगी नई रफ्तार : एकनाथ शिंदे
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि सावंतवाड़ी एक्सप्रेस शुरू होने से मुंबई और कोकण के बीच रेल संपर्क और मजबूत होगा तथा कोकण के पर्यटन को बड़ी गति मिलेगी। मजबूत संपर्क व्यवस्था विकास की कुंजी है और इस नई रेल सेवा से कोकण के सर्वांगीण विकास को नई रफ्तार मिलेगी। शिंदे ने कहा कि मुंबई में रहने वाले कोकणवासियों के साथ ही कोकण की यात्रा करने वाले सभी यात्रियों को इस सेवा का बड़ा लाभ मिलेगा। गणेशोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में कोकणवासी मुंबई से अपने गांव जाते हैं। ऐसे में गणेशोत्सव से पहले सावंतवाड़ी एक्सप्रेस की शुरुआत कोकणवासियों के लिए एक बड़ी सौगात है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments