
लखनऊ, उत्तर प्रदेश। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी वही ऐतिहासिक दिन है, जब भारत का संविधान लागू हुआ और देश ने एक सशक्त, समावेशी और लोकतांत्रिक व्यवस्था की नींव रखी। संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार दिया, जिसके बल पर आज भारत विश्व मंच पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अपने संदेश में कहा कि आजादी के बाद मानवता और समानता के जिन सिद्धांतों की कल्पना पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने की थी, उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धरातल पर उतारने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का सपना था कि देश का हर गरीब और वंचित नागरिक समान अवसर पाए, और आज विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से यह सपना साकार होता दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ‘विकसित भारत’ बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है। विकास, आत्मनिर्भरता और सामाजिक न्याय को मजबूत करने का संकल्प केंद्र और राज्य सरकारों के कार्यों में स्पष्ट रूप से नजर आता है। गरीब कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तीकरण और युवाओं के लिए रोजगार के क्षेत्र में देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि शुभांशु शुक्ला लखनऊ ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश का गौरव हैं। उनके साथ-साथ देश के अन्य वीर सपूतों को भी सम्मानित किया जाना गर्व की बात है। उन्होंने शुभांशु शुक्ला को साहस, परिश्रम और समर्पण का प्रतीक बताते हुए कहा कि ऐसे युवा भारत माता का नाम रोशन कर रहे हैं। डिप्टी सीएम ने कहा कि शुभांशु शुक्ला हम सभी के लिए भाई समान हैं और उनकी उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत आने वाले समय में हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगा और वैश्विक स्तर पर अपनी सशक्त पहचान बनाएगा। अंत में ब्रजेश पाठक ने प्रदेशवासियों से देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया और सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।




