‘फ्री फायर’ गेमिंग ID के विवाद में युवक के गले पर चाकू से हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार
सांताक्रूज़ ईस्ट के कलिना में देर रात वारदात, फेसबुक ID के इस्तेमाल को लेकर गलतफहमी से शुरू हुआ विवाद, चार के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में केस

मुंबई। सांताक्रूज़ ईस्ट के कलिना इलाके में ऑनलाइन गेम ‘फ्री फायर’ की गेमिंग आईडी और उससे जुड़ी फेसबुक आईडी के इस्तेमाल को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि इसी विवाद में एक युवक के गले पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि चार लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता सलमान फारूक शाह के मुताबिक, घटना 30 सितंबर 2026 की देर रात करीब 1:30 बजे सांताक्रूज़ ईस्ट के कलिना स्थित कुंची कुर्वे नगर में सेंट रॉक चर्च के पास हुई। उस समय उसका भाई दिलशाद शाह अपने दोस्तों मोहम्मद सोहेल इशरतअली शाह, समीर कमाल शाह, असलम शम्सुद्दीन शाह और रवि प्रमोदकुमार साकेत के साथ चर्च के पास सीढ़ियों पर बैठा था। सलमान रात का खाना खाने के लिए कुर्ला वेस्ट के किस्मत नगर स्थित अपने घर चला गया था। इसी दौरान उसके गृहनगर के परिचित अरबाज शाह ने फोन कर उससे गाली-गलौज की। विवाद अरबाज के फेसबुक अकाउंट के जरिए इस्तेमाल की जा रही ‘फ्री फायर’ ऑनलाइन गेमिंग आईडी से जुड़ा बताया गया है। मामला सुलझाने के लिए सलमान ने अपने भाई दिलशाद का मोबाइल नंबर अरबाज को दे दिया। कुछ देर बाद सलमान ने भाई से संपर्क किया तो फोन समीर ने उठाया और बताया कि अरबाज ने दिलशाद के गले पर चाकू से हमला कर दिया है। सलमान के अनुसार, जब वह कलिना की तरफ जा रहा था, तभी घायल दिलशाद को लेकर एक एम्बुलेंस पहुंची। उसमें परवेज और अरबाज भी मौजूद थे। दिलशाद की गर्दन पर गंभीर चोट थी और खून बह रहा था। शिकायत में हमले को जान से मारने की कोशिश बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को कथित तौर पर गलतफहमी थी कि शिकायतकर्ता और उसका भाई ऑनलाइन गेम खेलने के लिए अरबाज शाह की फेसबुक आईडी का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसी बात से नाराज होकर दिलशाद पर चाकू से हमला किए जाने का आरोप है। पुलिस ने अरबाज शाह, मुसाहिद वकील अहमद खान, कौसर अली जमील शाह और अनस सैयद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 118(1), 351(3), 352 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में पुलिस ने मुसाहिद वकील अहमद खान, अरबाज शाह और कौसर अली जमील शाह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में अन्य आरोपी की भूमिका और पूरी घटनाक्रम की जांच कर रही है।
