त्योहारी भीड़ के लिए पश्चिम रेलवे का बड़ा फैसला, उधना-हसनपुर रोड-नंदुरबार स्पेशल ट्रेन चलेगी

तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के फेरे भी नवंबर के अंत तक बढ़े; शुरुआती फेरे आरक्षित, बाद में अनारक्षित रूप में होगा संचालन

मुंबई। त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने उधना-हसनपुर रोड-नंदुरबार के बीच विशेष किराये पर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही उधना-झंझारपुर और उधना-मधुबनी के बीच चल रही तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के फेरों को भी नवंबर 2026 के अंत तक बढ़ा दिया गया है। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक के अनुसार, ट्रेन संख्या 09041 उधना-हसनपुर रोड साप्ताहिक स्पेशल 3 अक्टूबर से 28 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शनिवार रात 11:30 बजे उधना से रवाना होगी और सोमवार दोपहर 2:15 बजे हसनपुर रोड पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 09042 हसनपुर रोड-नंदुरबार साप्ताहिक स्पेशल 5 अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार दोपहर 3:45 बजे हसनपुर रोड से रवाना होकर अगले दिन रात 11:30 बजे नंदुरबार पहुंचेगी। दोनों दिशाओं को मिलाकर ट्रेन के कुल 18 फेरे संचालित किए जाएंगे।
09041/09042 के फेरे क्रमशः 10 अक्टूबर और 12 अक्टूबर तक आरक्षित ट्रेन के रूप में चलेंगे। इसके बाद के फेरे पूरी तरह अनारक्षित होंगे। ट्रेन में स्लीपर क्लास और जनरल सेकेंड क्लास के डिब्बे लगाए जाएंगे। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में धरणगांव, भुसावल, खंडवा, इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पाटलिपुत्र, सोनपुर, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और रुसेरा घाट स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन संख्या 09041 को चलथान, बारडोली और नंदुरबार में अतिरिक्त ठहराव दिया गया है।
तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के फेरे भी बढ़े
पश्चिम रेलवे ने 09047 उधना-झंझारपुर स्पेशल को 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार चलाने का निर्णय लिया है। 4 और 11 अक्टूबर के फेरे आरक्षित होंगे, जबकि 18 अक्टूबर से 29 नवंबर तक ट्रेन अनारक्षित रूप में चलेगी। वापसी की 09048 झंझारपुर-उधना स्पेशल 30 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार चलेगी। 5 और 12 अक्टूबर को यह आरक्षित तथा 19 अक्टूबर से 30 नवंबर तक अनारक्षित रहेगी। इसी तरह 09045 उधना-मधुबनी स्पेशल का संचालन 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार जारी रहेगा। 4 और 11 अक्टूबर को यह आरक्षित तथा 18 अक्टूबर से 29 नवंबर तक अनारक्षित ट्रेन के रूप में चलेगी। वापसी की 09046 मधुबनी-उधना स्पेशल 30 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार चलेगी। 5 और 12 अक्टूबर के फेरे आरक्षित तथा 19 अक्टूबर से 30 नवंबर तक के फेरे अनारक्षित होंगे। 09151 उधना-मधुबनी स्पेशल के फेरे 27 नवंबर तक बढ़ाए गए हैं। यह प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को चलेगी। 2 से 14 अक्टूबर तक इसके फेरे आरक्षित रहेंगे, जबकि 16 अक्टूबर से 27 नवंबर तक इसे अनारक्षित रूप में चलाया जाएगा। वापसी में 09152 मधुबनी-उधना स्पेशल 29 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार और रविवार चलेगी। 4 से 16 अक्टूबर तक ट्रेन आरक्षित और 18 अक्टूबर से 29 नवंबर तक अनारक्षित रहेगी। ट्रेन संख्या 09041, 09047, 09045 और 09151 के आरक्षित फेरों की बुकिंग 24 सितंबर 2026 से सभी यात्री आरक्षण प्रणाली (PRS) काउंटरों तथा IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट पर शुरू होगी।पश्चिम रेलवे के अनुसार सभी ट्रेनें विशेष किराये पर स्पेशल ट्रेन के रूप में संचालित होंगी। यात्री ठहराव, समय और कोच संरचना की विस्तृत जानकारी भारतीय रेल की आधिकारिक पूछताछ वेबसाइट पर प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *