विकसित भारत’ चित्रकला प्रदर्शनी से छात्रों की प्रतिभा को मिला मंच: मंत्री चंद्रकांत पाटील

सर जे.जे.कला महाविद्यालय में राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित

मुंबई। उच्च व तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांतदादा पाटील ने कहा कि ‘विकसित भारत’ की संकल्पना पर आयोजित चित्रकला प्रदर्शनी से राज्य के महाविद्यालयीन विद्यार्थियों की प्रतिभा को उचित मंच मिला है और उनकी सृजनात्मकता तथा कलात्मक अभिव्यक्ति को नई दिशा मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संवैधानिक पद पर 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर राज्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ चलाया जा रहा है। सोमवार को इसी अभियान के तहत उच्च व तकनीकी शिक्षा विभाग, कला संचालनालय महाराष्ट्र राज्य और महाराष्ट्र राज्य कला शिक्षण मंडल की संयुक्त पहल से आयोजित राज्यस्तरीय महाविद्यालयीन चित्रकला प्रतियोगिता की उत्कृष्ट कलाकृतियों की प्रदर्शनी का उद्घाटन सर जे. जे. कला महाविद्यालय में किया गया। इस अवसर पर प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के साथ पांच प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए गए। मंत्री पाटील ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य नवोदित कलाकारों को अपनी कलाकृतियां व्यापक स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर देना और कला क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए उन्हें प्रेरित करना है। प्रतियोगिता में राज्य के सरकारी, अनुदानित और गैर-अनुदानित महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक कौशल का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में सर जे. जे. स्कूल ऑफ आर्ट, आर्किटेक्चर एंड डिजाइन विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. हिम चॅटर्जी, महाराष्ट्र राज्य कला संचालनालय के निदेशक डॉ. किशोर इंगळे, महाराष्ट्र राज्य कला शिक्षण मंडल के निदेशक विनोद दांडगे, वास्तुविशारद राजीव मिश्रा सहित अधिकारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे। सर जे. जे. कला महाविद्यालय में आयोजित यह प्रदर्शनी 17 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक सभी के लिए खुली रहेगी। मंत्री पाटील ने कला प्रेमियों, विद्यार्थियों और नागरिकों से प्रदर्शनी देखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *