सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा के लिए मध्य रेल के 9 कर्मचारी सम्मानित

महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव ने संरक्षा पुरस्कार देकर किया सम्मानित

मुंबई। मध्य रेल के महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव ने 12 अक्टूबर 2026 को मध्य रेल के नौ कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान दिखाई गई सतर्कता, सूझबूझ और समय पर कार्रवाई के लिए संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया। इन कर्मचारियों की तत्परता से कई संभावित दुर्घटनाएं टलीं और यात्रियों तथा रेल परिचालन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिली। प्रत्येक पुरस्कार में पदक, प्रशंसा पत्र, अनुकरणीय संरक्षा कार्य का प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। मुंबई मंडल से चार कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। राजू किसन राठौड़, वरिष्ठ रेल प्रबंधक, कल्याण ने 29 अगस्त को ठाणे-अंबरनाथ लोकल में ड्यूटी के दौरान महालक्ष्मी एक्सप्रेस से एक यात्री को गिरते देखा। उन्होंने अपनी ट्रेन रोककर घायल यात्री को प्राथमिक उपचार दिया और अंबरनाथ स्टेशन पर सौंपा। वहीं सचिन जी. तलेकर, वरिष्ठ ट्रेन प्रबंधक, पनवेल ने एक वैगन में टूटा हुआ साइड बेयरर कप देखकर तुरंत सूचना दी, जिससे संभावित दुर्घटना टली। जानू जलमसिंह वाल्वी, टीटीई, दिवा ने चिंचपोकली फुट ओवर ब्रिज की क्रॉस-ब्रेसिंग को ओएचई के ऊपर लटका देखा और तत्काल अधिकारियों को सूचित किया। विकास कुमार दास, फिटर-I, एलटीटी ने ट्रेन संख्या 12101 के निरीक्षण के दौरान सीबीसी कपलिंग में बारीक दरार पकड़कर संभावित दुर्घटना टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
नागपुर मंडल से धीरज कुमार गुप्ता, प्वाइंट्समैन, चिकनी रोड ने तीसरी लाइन की पटरी पर गिरी घर की दीवार की सूचना देकर दुर्घटना टाली। अविनाश कुमार, प्वाइंट्समैन, बोरखेड़ी ने एक मालगाड़ी के वैगन का व्हील फ्लेंज रेलहेड से ऊपर उठा हुआ देखकर अधिकारियों को सूचित किया। सोलापुर मंडल के ए. एम. गुरव, लोको पायलट ने ट्रेन संख्या 18520 चलाते समय प्लेटफार्म संख्या 1 की पटरी पर लकड़ी के वेज देखकर समय रहते ट्रेन रोक दी। भुसावल मंडल के कैलाश बालू सुरालकर, तकनीशियन-I ने इंद्रायणी मेमू रेक में ट्रैक्शन मोटर का इन्सुलेशन प्रतिरोध निर्धारित सीमा से कम पाया और बड़ी तकनीकी खराबी रोकने में मदद की। पुणे मंडल के निजाम शेख हसन मियां शेख, कांस्टेबल, दौंड ने 31 अगस्त को दौंड रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में फिसल रहे एक बुजुर्ग यात्री को खींचकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और उसकी जान बचाई। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक अनूप कुमार अग्रवाल, प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी चंद्र किशोर प्रसाद सहित अन्य प्रधान विभागाध्यक्ष और मध्य रेल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *