स्वीडन के उद्योगपति महाराष्ट्र में आधुनिक तकनीक आधारित उद्योग स्थापित करें: मंत्री जयकुमार रावल

मुंबई। महाराष्ट्र के राजशिष्टाचार मंत्री जयकुमार रावल ने स्वीडन के उद्योगपतियों से महाराष्ट्र में आधुनिक तकनीक आधारित उद्योग स्थापित करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि स्वीडन की उन्नत तकनीक और महाराष्ट्र की उत्पादन क्षमता को जोड़कर औद्योगिक विकास के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं। मुंबई और पुणे के साथ राज्य के अन्य क्षेत्रों में भी निवेश करने वाले उद्योगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सोमवार को स्वीडन की राजदूत पेट्रा मेनांडर ने मुंबई प्रवास के दौरान सह्याद्री अतिथिगृह में मंत्री जयकुमार रावल से मुलाकात की। बैठक में महाराष्ट्र और स्वीडन के बीच औद्योगिक निवेश, रक्षा उत्पादन, एयरोस्पेस, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, कृषि और डेयरी क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। इस दौरान पुणे से नाशिक के बीच स्वीडिश कंपनियों के लिए औद्योगिक समूह विकसित करने और वहां आवश्यक बुनियादी ढांचा तथा आवास सुविधाएं उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर भी विचार किया गया। रावल ने कहा कि इससे राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में औद्योगिक विकास को गति मिलेगी। बैठक में स्वीडन की आधुनिक तकनीक का महाराष्ट्र के उद्योगों में उपयोग बढ़ाने, कौशल एवं तकनीकी हस्तांतरण के माध्यम से स्थानीय उत्पादन और मूल्यवर्धन को प्रोत्साहन देने पर जोर दिया गया। आधुनिक डेयरी तकनीक का लाभ राज्य के किसानों तक पहुंचाने तथा दोनों देशों के विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और किसानों के बीच अनुभवों के आदान-प्रदान पर भी चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने महाराष्ट्र और स्वीडन के औद्योगिक संबंधों को और मजबूत करने, निवेश के नए अवसर पैदा करने तथा सांस्कृतिक आदान-प्रदान बढ़ाने की दिशा में सहयोग जारी रखने पर सहमति जताई।
