700 बंधपत्रित नर्सों की सेवा नियमित करने की प्रक्रिया तेज: मेघना साकोरे-बोर्डीकर

मुंबई। महाराष्ट्र के सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत बंधपत्रित अधिपरिचारिकाओं की सेवाएं नियमित करने के लिए जल्द ही नीतिगत निर्णय लिया जाएगा। सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री मेघना साकोरे-बोर्डीकर ने बताया कि करीब 700 पात्र अधिपरिचारिकाओं को सेवा में समाहित करने के प्रस्ताव को सामान्य प्रशासन विभाग की मंजूरी मिल चुकी है और विधि एवं न्याय विभाग की सिफारिश के बाद प्रस्ताव वित्त विभाग को भेजा गया है। सोमवार को निर्मल भवन में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए राज्यमंत्री साकोरे-बोर्डीकर ने कहा कि 15 अप्रैल 2015 की अधिसूचना के अनुसार सेवा प्रवेश नियमों के तहत बंधपत्र पर सरकारी सेवा में नियुक्त और अभी सेवानिवृत्त नहीं हुई अधिपरिचारिकाओं की सेवा नियमित करने के संबंध में सरकार सकारात्मक है। उन्होंने कहा कि पात्र उम्मीदवारों को जल्द न्याय दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है। इस संबंध में शीघ्र नीतिगत निर्णय लिया जाएगा। राज्य में अधिपरिचारिका संवर्ग के कुल 9,699 पद स्वीकृत हैं। इनमें से 7,714 पद भरे हुए हैं, जबकि 1,985 पद रिक्त हैं। बैठक में स्वास्थ्य आयुक्त (शहरी) डॉ. सुनील भोकरे, सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग की उपसचिव डॉ. उर्मिला जोशी, अवर सचिव डॉ. श्वेता सावदेकर, स्वास्थ्य आयुक्तालय के निदेशक डॉ. विजय कंदेवाड और उपनिदेशक डॉ. नीलिमा सोनावणे उपस्थित रहे। पूर्व विधायक संजय केणेकर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *