नोएडा में युवती का शव मिलने के बाद बुलंदशहर में हंगामा, दोबारा पोस्टमार्टम की मांग

चार घंटे तक चला विरोध, विधायक और पुलिस अधिकारियों के समझाने पर अंतिम संस्कार को राजी हुए परिजन

बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश। छतारी थाना क्षेत्र के शेखूपुर गांव निवासी 22 वर्षीय अंजली का शव नोएडा सेक्टर-39 स्थित एक कमरे में मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। रविवार रात पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो सोमवार सुबह परिजनों और ग्रामीणों ने दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग को लेकर हंगामा किया। जानकारी के अनुसार, अंजली गाजियाबाद की एक कंपनी में नौकरी करती थी और इंदिरापुरम में अपनी सहेली के साथ किराए के फ्लैट में रहती थी। रविवार को अवकाश के दिन उसकी बहन लतेश ने फोन किया तो कॉल पुलिस ने रिसीव की और उन्हें नोएडा पोस्टमार्टम हाउस पहुंचने के लिए कहा। इसके बाद लतेश अपने पति आकाश दीप के साथ वहां पहुंचीं, जहां अंजली का शव देखकर परिवार को घटना की जानकारी हुई। परिजनों का आरोप है कि उस समय नोएडा पुलिस ने यह स्पष्ट नहीं किया कि अंजली की मौत किन परिस्थितियों में हुई। उन्हें केवल इतना बताया गया कि उसका शव सेक्टर-39 स्थित एक कमरे में मिला है। रविवार रात पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लाया गया और देर हो जाने के कारण अंतिम संस्कार सोमवार को करने का निर्णय लिया गया। सोमवार सुबह करीब नौ बजे अंतिम संस्कार से पहले परिजनों ने स्थानीय पुलिस को सूचना देकर दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की। इसके बाद गांव में हंगामा शुरू हो गया। सूचना मिलने पर डिबाई विधायक सीपी सिंह और सीओ डिबाई मधुप कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। स्थिति बिगड़ती देख छतारी, पहासू और नरौरा थानों की पुलिस भी बुला ली गई। करीब चार घंटे तक समझाने-बुझाने के बाद परिजन शांत हुए और अंतिम संस्कार के लिए सहमत हो गए। सीओ मधुप कुमार सिंह के अनुसार, परिजन नोएडा पुलिस की कार्रवाई पर आपत्ति जता रहे थे। संबंधित थाने के विवेचक से बात की गई, जिन्होंने बताया कि अभी किसी पर संदेह नहीं जताया गया है और शव मिलने से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार किया और गांव में स्थिति सामान्य बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *