जबलपुर की पारले-जी बिस्कुट फैक्ट्री में भीषण आग, आठ से अधिक दमकल वाहन मौके पर

रिछाई औद्योगिक क्षेत्र में बचाव अभियान जारी, शॉर्ट सर्किट की आशंका, FSL जांच के बाद स्पष्ट होगा कारण

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित रिछाई औद्योगिक क्षेत्र में पारले-जी बिस्कुट फैक्ट्री में आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ बचाव अभियान शुरू किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीष भारद्वाज ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलने पर आधारताल थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। फिलहाल आठ से अधिक दमकल वाहन आग पर काबू पाने में जुटे हैं। प्रारंभिक जानकारी में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई गई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि वास्तविक कारणों का पता फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की जांच और आकलन के बाद ही चल सकेगा। एएसपी के अनुसार, फिलहाल इस घटना में किसी की मौत या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। आग से हुए नुकसान का आकलन अभी नहीं हो पाया है। संबंधित टीमें मौके पर मौजूद हैं और आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *