छठ महापर्व को लेकर उन्नाव पुलिस अलर्ट, गंगा घाट का किया निरीक्षण

लालखेड़ा घाट पर सुरक्षा और सफाई व्यवस्था का लिया जायजा, गोताखोरों से कराई गई पानी की गहराई की जांच

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। आगामी छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए उन्नाव पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी बीघापुर प्रदीप कुमार ने थाना बारासगवर क्षेत्र के ग्राम लालखेड़ा स्थित गंगा घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और आपातकालीन इंतजामों का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान गोताखोरों की मदद से घाट पर पानी की गहराई की जांच कराई गई। जांच में पानी अधिक गहरा नहीं पाया गया। इसके बावजूद किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए घाट की समुचित साफ-सफाई कराने और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। क्षेत्राधिकारी ने घाट पर नावों और गोताखोरों की उपलब्धता का भी निरीक्षण किया, ताकि किसी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल सहायता मिल सके। पुलिस प्रशासन का कहना है कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *