गन्ना मजदूरों के बच्चों की होगी विशेष स्वास्थ्य जांच, स्वास्थ्य राज्यमंत्री मेघना बोर्डीकर ने दिए निर्देश

चीनी मिलों और गन्ना कटाई वाले क्षेत्रों में चलेगा ‘बालसंजीवनी’ अभियान, बच्चों को मौके पर ही मिलेंगी स्वास्थ्य और टीकाकरण सुविधाएं

मुंबई। महाराष्ट्र में गन्ना कटाई के लिए परिवारों के साथ दूसरे जिलों और क्षेत्रों में पलायन करने वाले मजदूरों के बच्चों के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए राज्य सरकार विशेष अभियान चलाएगी। मंगलवार को स्वास्थ्य राज्यमंत्री मेघना साकोरे बोर्डीकर ने ऐसे सभी बच्चों की विशेष स्वास्थ्य जांच कराने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग की ओर से ‘बालसंजीवनी’ अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से चीनी मिलों के परिसरों और गन्ना कटाई वाले खेतों के आसपास बनी अस्थायी बस्तियों में पहुंचकर बच्चों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। राज्य में चीनी मिलों का पेराई सीजन शुरू होने के साथ ही बड़ी संख्या में गन्ना मजदूर अपने परिवारों के साथ कारखाना परिसरों और खेतों में अस्थायी रूप से रहने लगे हैं। इन मजदूरों के साथ आने वाले छोटे बच्चों को समय पर स्वास्थ्य जांच, उपचार और टीकाकरण की सुविधा मिलना मुश्किल हो जाता है। मजदूरों के लंबे समय तक घर से दूर रहने और काम की व्यस्तता के कारण बच्चों को नियमित रूप से स्वास्थ्य केंद्र तक ले जाना भी संभव नहीं हो पाता। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह विशेष अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। राज्यमंत्री बोर्डीकर ने कहा कि बच्चों को बीमारी के दौरान इलाज के लिए भटकना न पड़े और उन्हें स्वस्थ जीवन मिल सके, यही अभियान का मुख्य उद्देश्य है। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के अंतर्गत पलायन करने वाले प्रत्येक बच्चे की स्वास्थ्य जांच की जाएगी। इसमें कुपोषण, एनीमिया, बाल विकास में देरी, जन्मजात विकृतियों और संक्रामक बीमारियों की जांच कर जरूरत के अनुसार उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए संबंधित क्षेत्रों के स्वास्थ्य कर्मचारी, स्वास्थ्य सेवक, आशा स्वयंसेविकाएं, आंगनवाड़ी सेविकाएं और चीनी मिल प्रबंधन को भी शामिल किया जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव को लिखित निर्देश जारी किए गए हैं। निर्देशों के अनुसार राज्य की सभी चीनी मिलों की सूची तैयार करने, मजदूरों के अस्थायी निवास स्थलों का सर्वेक्षण करने और इन्हीं स्थानों पर बच्चों के आवश्यक टीकाकरण की व्यवस्था करने को कहा गया है। इस पहल से गन्ना मजदूर परिवारों के बच्चों को उनके अस्थायी निवास स्थान पर ही स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *