जालोर और पश्चिम राजस्थान को पहली बार दिल्ली-जयपुर से मिला सीधा रेल संपर्क

जालोर, राजस्थान। जालोर–दिल्ली नई रेल सेवा को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिखाई हरी झंडी, पश्चिम राजस्थान को पहली बार मिला राजधानी से सीधा रेल संपर्कराजस्थान के जालोर रेलवे स्टेशन पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गाड़ी संख्या 04875 जालोर–दिल्ली उद्घाटन स्पेशल रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जालौर सांसद लुंबाराम चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि और रेलवे अधिकारी मौजूद रहे। नई रेल सेवा शुरू होने से जालोर, मारवाड़ भीनमाल, रानीवाड़ा और पश्चिम राजस्थान के अन्य क्षेत्रों को पहली बार जयपुर और दिल्ली से सीधा रेल संपर्क मिल गया है।रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि जालोर क्षेत्र की जनता लंबे समय से बेहतर रेल संपर्क की मांग कर रही थी, जिसे अब पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि यह रेल सेवा क्षेत्र के विकास, व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देगी तथा यात्रियों को अधिक सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराएगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करते हुए जालोर और पाली क्षेत्र को पहली बार देश और राज्य की राजधानी से सीधे जोड़ा गया है।रेल मंत्री ने कहा कि राजस्थान में इस समय 76,800 करोड़ रुपये से अधिक के रेलवे विकास कार्य चल रहे हैं तथा अमृत स्टेशन योजना के तहत 85 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। जालौर और मारवाड़ भीनमाल रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण भी तेजी से प्रगति पर है। जयपुर, कोटा, जोधपुर, अजमेर, आबूरोड, पाली मारवाड़ और जैसलमेर रेलवे स्टेशनों का विकास स्थानीय कला और संस्कृति के अनुरूप किया जा रहा है, जिससे वे पर्यटन केंद्र के रूप में उभर रहे हैं।उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में ग्रेनाइट उद्योग को बढ़ावा देने के लिए रेलवे गति शक्ति कार्गो टर्मिनल विकसित करने को तैयार है और रेलवे इस दिशा में हर संभव सहयोग देगा। रेल मंत्री ने जानकारी दी कि कोविड काल के बाद राजस्थान के लिए 46 जोड़ी नई ट्रेनों की शुरुआत की गई है, जिनमें वंदे भारत, अमृत भारत और विभिन्न एक्सप्रेस रेल सेवाएं शामिल हैं। कार्यक्रम में राजस्थान विधानसभा के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, आहोर विधायक छगन सिंह, सांचौर विधायक जीवाराम चौधरी, उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ तथा जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी सहित रेलवे अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम के बाद रेल मंत्री ने स्वयं उद्घाटन स्पेशल रेल सेवा में सफर किया और यात्रियों से संवाद कर यात्रा अनुभव की जानकारी ली। यात्रियों ने नई रेल सेवा शुरू होने पर खुशी जाहिर करते हुए रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया। रेलवे ने जानकारी दी कि भुज–दिल्ली–भुज प्रतिदिन एक्सप्रेस रेल सेवा (वाया भीलड़ी–जालौर) का नियमित संचालन भी शुरू किया जा रहा है। गाड़ी संख्या 19403 भुज–दिल्ली एक्सप्रेस 23 मई 2026 से भुज से प्रतिदिन 11:15 बजे रवाना होकर अगले दिन 11:45 बजे दिल्ली पहुंचेगी। वहीं गाड़ी संख्या 19404 दिल्ली–भुज एक्सप्रेस 24 मई 2026 से दिल्ली से प्रतिदिन 16:40 बजे प्रस्थान कर अगले दिन 19:35 बजे भुज पहुंचेगी।यह रेल सेवा अंजार, गांधीधाम, भचाऊ, भीलड़ी, धनेरा, रानीवाड़ा, मारवाड़ भीनमाल, मोदरान, जालौर, मोकलसर, समदड़ी, लूनी, पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, अलवर और रेवाड़ी सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी। ट्रेन में 01 सेकंड एसी, 03 थर्ड एसी, 08 स्लीपर, 04 सामान्य श्रेणी, 01 पावर कार और 01 गार्ड कोच सहित कुल 18 एलएचबी कोच लगाए गए हैं।




