
मुंबई। मुंबई के विक्रोली इलाके में 2026 गणतंत्र दिवस समारोह के लिए लगाए गए एक स्पीकर के गिरने से तीन साल की मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना का दिल दहला देने वाला सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसके बाद सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस के अनुसार, यह हादसा सोमवार को टैगोर नगर स्थित अंबेडकर नगर चॉल परिसर में हुआ। बच्ची इलाके में खेलते हुए दौड़ रही थी, तभी अचानक एक लाउडस्पीकर उसके ऊपर गिर पड़ा। लगभग 40 सेकंड के वायरल सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि दो स्पीकर स्टैंड पर लगाए गए थे। इसी दौरान एक व्यक्ति अपने सिर पर कबाड़ से भरी बोरी लेकर वहां से गुजर रहा था। आरोप है कि उस व्यक्ति की बोरी स्पीकर से जुड़े तारों में फंस गई, जिससे संतुलन बिगड़ा और स्पीकर सीधे बच्ची पर गिर गया। बच्ची उस व्यक्ति के पीछे-पीछे दौड़ रही थी और अचानक हुए इस हादसे का उसे कोई अंदाजा नहीं था। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद दो लोगों ने बच्ची को उठाकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में यह मामला लापरवाही का प्रतीत हो रहा है।
पुलिस ने बताया कि संबंधित व्यक्ति कबाड़ बीनने वाला था और उसके सिर पर रखा भारी बोझ स्पीकर के तारों में उलझने के कारण यह हादसा हुआ। विक्रोली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच जारी है। इस दुखद घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। साथ ही, सार्वजनिक कार्यक्रमों में सुरक्षा व्यवस्था और अस्थायी साउंड सिस्टम की स्थापना को लेकर प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं।




