
मुंबई। पश्चिम रेलवे के कई स्टेशनों पर यात्रियों के लिए ठंडे पानी की व्यवस्था तो की गई है, लेकिन पीने के लिए गिलास उपलब्ध नहीं होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खार पूर्व रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर लगे प्याऊ पर पानी तो मौजूद है, लेकिन वहां गिलास की कोई व्यवस्था नहीं है। साथ ही प्याऊ के आसपास गंदगी भी साफ देखी जा सकती है। भीषण गर्मी के बीच रोजाना हजारों यात्री स्टेशन पर लगे प्याऊ तक पहुंचते हैं, लेकिन जिन यात्रियों के पास अपनी बोतल या गिलास नहीं होता, वे पानी सामने होने के बावजूद प्यासे रह जाते हैं। यात्रियों का कहना है कि केवल पानी उपलब्ध कराना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे आसानी से पीने की सुविधा भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। द्वारिकामाई चैरिटी संस्था के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एडवोकेट जितेंद्र शर्मा ने इस समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि रेलवे नियमों के अनुसार यात्रियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना रेलवे प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हर प्याऊ पर स्टील के जंजीर वाले गिलास या अन्य सुरक्षित व्यवस्था होना जरूरी है, ताकि यात्री बिना परेशानी पानी पी सकें। जितेंद्र शर्मा ने रेल विभाग को ट्वीट कर मामले का संज्ञान लेने और जल्द समाधान करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से गर्मी के मौसम में यात्रियों की मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए।



