
मुख्यमंत्री फडणवीस के निर्देश: मेडिकल वेलनेस टूरिज्म में विकसित किया जाए “महाराष्ट्र ब्रांड”
मुंबई। स्वास्थ्य क्षेत्र में महाराष्ट्र को वैश्विक पहचान दिलाने वाली प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय चिकित्सा परिषद ‘पल्स’ का आयोजन 27 और 28 मार्च 2026 को जियो वर्ल्ड सेंटर, मुंबई में किया जाएगा। इस दो दिवसीय सम्मेलन में देश-विदेश से लगभग 2,900 से अधिक चिकित्सा विशेषज्ञ, शोधकर्ता और गणमान्य प्रतिनिधि भाग लेंगे। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ‘वर्षा’ निवास पर आयोजित समीक्षा बैठक में निर्देश दिए कि ‘पल्स’ सम्मेलन का आयोजन भव्य और प्रभावी तरीके से किया जाए तथा इसके माध्यम से मेडिकल वेलनेस पर्यटन में “महाराष्ट्र ब्रांड” को वैश्विक स्तर पर स्थापित किया जाए। बैठक में चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री माधुरी मिसाल भी उपस्थित थीं। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि पारंपरिक और महंगे इलाज के बजाय अब नागरिक वेलनेस आधारित उपचारों की ओर अधिक आकर्षित हो रहे हैं। इस बदलते रुझान को देखते हुए महाराष्ट्र में इस क्षेत्र में व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने आयुष उपचार पद्धतियों को वेलनेस मॉडल से जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि राज्य की पारंपरिक और आधुनिक चिकित्सा प्रणालियों का समन्वित विकास किया जा सके। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि चिकित्सा क्षेत्र में अनेक स्टार्टअप सक्रिय हैं। अधिक से अधिक हेल्थटेक और बायोमेडिकल स्टार्टअप को सम्मेलन में शामिल किया जाए, ताकि नवीनतम शोध और नवाचारों पर आधारित चर्चाओं के माध्यम से कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के लिए सरल, सुलभ और किफायती उपचार पद्धतियों के विकास को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने वैश्विक स्वास्थ्य निवेशकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, जिससे राज्य में विकसित हो रहे बल्क ड्रग पार्क में निवेश आकर्षित किया जा सके। सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए संबंधित विभागों को नोडल अधिकारी नियुक्त करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए गए। चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री माधुरी मिसाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सम्मेलन के दौरान निवेशकों के साथ ठोस समझौते किए जाएं। इससे ग्रामीण इलाकों में गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विकास संभव हो सकेगा। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य के नए उपचार तरीकों तथा मेडिकल पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी इस सम्मेलन का प्रभावी उपयोग करने पर जोर दिया। बैठक में एमएमआरडीए के महानगर आयुक्त डॉ. संजय मुखर्जी, पर्यटन विभाग के प्रधान सचिव संजय खंदारे, सूचना एवं जनसंपर्क महासंचालनालय के प्रधान सचिव एवं महानिदेशक ब्रिजेश सिंह, चिकित्सा शिक्षा आयुक्त अनिल भंडारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन आयुक्त श्रीधर दुबे, मुख्य राजशिष्टाचार अधिकारी राजेश गवांदे, मुख्यमंत्री की सलाहकार पूजा मिसाल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।




