HomeReligionशिव महापुराण कथा में गूंजा शिवतत्व का दिव्य संदेश, शैवाचार्य संत श्री...

शिव महापुराण कथा में गूंजा शिवतत्व का दिव्य संदेश, शैवाचार्य संत श्री प्रशांत प्रभु महाराज ने सुनाए आध्यात्मिक प्रसंग

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। मगरवारा स्थित श्री गोकुल बाबा मंदिर प्रांगण में श्री आदि गुरु वैदिक सेवा सनातन ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित विशाल श्री शिव महापुराण कथा में लोकविख्यात कथा प्रवक्ता शैवाचार्य संत श्री प्रशांत प्रभु महाराज ने श्रद्धालुओं को शिवतत्व से जुड़े गूढ़ एवं प्रेरणादायी प्रसंगों का रसपान कराया। कथा में उन्होंने सृष्टि की रचना, काल भैरव के प्राकट्य तथा काशी खंड की महिमा का विस्तार से वर्णन करते हुए भगवान शिव की आराधना और सनातन संस्कृति के महत्व पर प्रकाश डाला। कथा के दौरान शैवाचार्य संत श्री प्रशांत प्रभु महाराज ने कहा कि शिव महापुराण केवल धार्मिक कथा नहीं, बल्कि मनुष्य को धर्म, संस्कार, सदाचार, सेवा और भक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देने वाला दिव्य ग्रंथ है। उन्होंने बताया कि सृष्टि की रचना के पीछे छिपे दिव्य रहस्य, काल भैरव की उत्पत्ति तथा भगवान शिव की नगरी काशी को मोक्षदायिनी नगरी कहे जाने का आध्यात्मिक महत्व अत्यंत गहन है। इन प्रसंगों को सुनकर कथा पंडाल में उपस्थित श्रद्धालु भक्ति और आध्यात्मिक भाव से अभिभूत हो उठे। कथा के साथ आयोजित महायज्ञ में श्रद्धालुओं ने लोककल्याण एवं अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए विधि-विधान से आहुतियां अर्पित कीं। श्रद्धालुओं की उमड़ी आस्था से पूरा श्री गोकुल बाबा मंदिर परिसर शिवमय हो गया। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को सनातन धर्म, शिवतत्व, सेवा, सदाचार और मानव कल्याण का संदेश भी दिया गया। कथा के समापन पर जैसे ही पंडाल में ‘हर-हर महादेव’ का जयघोष गूंजा, पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा व्यक्त करते हुए आरती एवं पूजन में सहभागिता की। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी श्रीमती अर्चना मिश्रा, जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी तथा सहकारी बैंक अध्यक्ष अरुण सिंह ने यज्ञ कुंड की परिक्रमा कर महाराजश्री से आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में मुख्य यजमान श्रीमती वंदना सत्येंद्र सिंह एवं श्रीमती संतोष हरिप्रसाद साहू रहे। कथा यजमानों में श्रीमती राधा निशीथ निगम (राजू भैया), श्रीमती सोनम धीरज सिंह एवं श्रीमती प्रिया विक्रम सिंह शामिल रहीं। कार्यक्रम में कथा अध्यक्ष संजय त्रिपाठी एवं श्रीमती नीलम त्रिपाठी, महामंत्री अजय अवस्थी, संयोजक रंजना मिश्रा (लखनऊ), चंद्र प्रकाश बाजपेई, देवी प्रसाद साहू, संपर्क प्रमुख डॉ. मनीष सिंह सेंगर, मीडिया प्रभारी श्याम जी गुप्ता, राहुल कश्यप, कल्लू दादा, आयुष सिंह, मनीष सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूजन एवं वैदिक अनुष्ठान आचार्य कार्तिकेय एवं आचार्य सत्यम के निर्देशन में संपन्न हुए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments