संविधान किसी परिवार की जागीर नहीं, देश का हर नागरिक इसका संरक्षक: सीएम योगी आदित्यनाथ
संविधान गौरव दिवस समारोह में विपक्ष पर साधा निशाना, बोले- संविधान के नाम पर लोगों को गुमराह करने वालों से रहें सावधान, 3,955 महापुरुष स्मारक स्थलों के सौंदर्यीकरण का शुभारंभ

लखनऊ, उत्तर प्रदेश। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष में नहीं, बल्कि देश के आम नागरिकों में निहित है। संविधान ने प्रत्येक भारतीय को देश का वास्तविक संरक्षक बनने का अधिकार और दायित्व दिया है। कोई व्यक्ति या परिवार भारत का संरक्षक होने का दावा नहीं कर सकता। मुख्यमंत्री गुरुवार को लोकभवन में आयोजित संविधान गौरव दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि संविधान 145 करोड़ भारतीयों का गौरव और मार्गदर्शक है। यह अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। योगी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कुछ लोग लाल पुस्तिका के नाम पर जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को सत्ता में रहते हुए संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान करना चाहिए था, उन्होंने ही इन्हें कमजोर करने का प्रयास किया। ऐसे लोगों से सावधान रहने की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की उपेक्षा करने और समाजवादी पार्टी की पिछली सरकार पर महापुरुषों का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने बहराइच में महाराज सुहेलदेव का स्मारक बनवाया, अलीगढ़ में राजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम पर विश्वविद्यालय बनाया और विभिन्न महापुरुषों के नाम पर संस्थानों का नामकरण किया। उन्होंने विरासत और विकास को सरकार की प्राथमिकता बताया।
3,955 स्मारक स्थलों के सौंदर्यीकरण का शुभारंभ
मुख्यमंत्री ने डॉ. भीमराव आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत प्रदेश के 3,955 महापुरुष स्मारक स्थलों के सौंदर्यीकरण और साफ-सफाई कार्यों का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कुल 4,030 स्थल चिह्नित किए गए हैं। इन स्थलों पर प्रतिमाओं के आसपास सफाई, विकास और सौंदर्यीकरण के कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएंगे। इसे बाबा साहेब आंबेडकर, संत रविदास, संत कबीरदास और महर्षि वाल्मीकि जैसे महापुरुषों के प्रति सम्मान बताया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक, मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, असीम अरुण, विधान परिषद सदस्य डॉ. महेंद्र सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
विद्यार्थियों को किया सम्मानित
संविधान के मूल्यों पर आयोजित वाद-विवाद और निबंध प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री ने स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। वाद-विवाद में शगुन श्रीवास्तव ने प्रथम, फाइजा ने द्वितीय और तुबा हनीस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निबंध प्रतियोगिता में दिव्या प्रथम, हर्षवर्धन सिंह द्वितीय और राज तृतीय रहे। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री सहित उपस्थित अतिथियों और लोगों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया तथा न्याय, स्वतंत्रता, समानता, बंधुत्व और राष्ट्र की एकता-अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।
