संविधान दिवस पर ‘विकसित भारत युवा संवाद’ में युवाओं ने समझे संवैधानिक मूल्य

यूथ आइकॉन विवेक गोस्वामी बोले- युवाओं की सक्रिय भागीदारी से मजबूत होगा लोकतंत्र, साकार होगा विकसित भारत का सपना

झांसी, उत्तर प्रदेश। संविधान दिवस के अवसर पर युवाओं में लोकतांत्रिक चेतना, संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मेरा युवा भारत झांसी की ओर से स्वामी विवेकानंद लॉ कॉलेज, प्रेमनगर के सभागार में ‘विकसित भारत युवा संवाद-संविधान दिवस संस्करण’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं की ऊर्जा, विचारशीलता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं मंत्रालय द्वारा नामित यूथ आइकॉन विवेक गोस्वामी, विशिष्ट अतिथि जिला युवा अधिकारी विशाल सिंह तथा महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सिद्धार्थ कुमार ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित और माल्यार्पण कर किया। जिला युवा अधिकारी विशाल सिंह ने मेरा युवा भारत और विकसित भारत की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश के सामाजिक एवं राष्ट्रीय विकास में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और सकारात्मक सोच का उपयोग राष्ट्रहित में करने का आह्वान किया। वहीं, यूथ आइकॉन विवेक गोस्वामी ने ‘विकसित भारत 2047’ विषय पर प्रस्तुति देते हुए संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जागरूक नागरिकों में निहित है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत और अधिक उत्तरदायी बन सकती है। उन्होंने विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक से संवैधानिक कर्तव्यों और पंच प्रण का पूरी निष्ठा से पालन करने की अपील की। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों और यूथ आइकॉन के बीच सीधा संवाद रहा। विद्यार्थियों ने विकसित भारत, संविधान, लोकतांत्रिक अधिकारों और राष्ट्र निर्माण से जुड़े सवाल पूछे, जिनका विवेक गोस्वामी ने जवाब देकर मार्गदर्शन किया। इस संवाद के माध्यम से युवाओं में तार्किक चिंतन, प्रश्न पूछने की प्रवृत्ति और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की समझ विकसित करने का संदेश दिया गया। इसके बाद प्रधानाचार्य डॉ. सिद्धार्थ कुमार ने उपस्थित लोगों को संविधान के आदर्शों, नागरिक कर्तव्यों तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई। हिमानी आर्य, राधा कुशवाहा, रक्षा शर्मा और सृष्टि प्रजापति ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर डॉ. ज्योति गुप्ता, श्रीमती किरन परिहार, महाविद्यालय के शिक्षकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन भूपेंद्र आर्य ने किया, जबकि अंकित श्रीवास्तव ने आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *