26/11 आतंकी हमले के शहीदों को मध्य रेलवे ने किया नमन, CSMT पर अर्पित की पुष्पांजलि
RPF अधिकारियों, रेलवे कर्मचारियों और सुरक्षा दस्तों ने दी श्रद्धांजलि, देशभक्ति की धुनों से गूंजा शहीद स्मारक

मुंबई। 26 नवंबर 2008 को छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) पर हुए आतंकी हमले में शहीद हुए बहादुर पुलिस अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, रेलवे कर्मचारियों और निर्दोष यात्रियों को मध्य रेलवे ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। हमले में जान गंवाने वाले वीरों की स्मृति में 26 नवंबर 2026 को CSMT स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किया गया। इस अवसर पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF), मुंबई मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त राहुल राज और CSMT के स्टेशन निदेशक चंद्रकांत पगारे ने अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को नमन किया। कार्यक्रम में मध्य रेलवे की RPF डॉग स्क्वॉड और बम पहचान एवं निरोधक दस्ता (BDDS) ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि दी। वहीं, RPF बैंड ने देशभक्ति की धुनें प्रस्तुत कीं। इस दौरान देशभक्ति, साहस और बलिदान की भावना को याद किया गया। मध्य रेलवे ने 26/11 आतंकी हमले में अपने प्राणों की आहुति देने वाले सभी लोगों को गहरी श्रद्धा के साथ याद करते हुए रेल यात्रियों और रेलवे परिसरों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
