देवास स्टेशन पर रेलवे और एनडीआरएफ का संयुक्त मॉक ड्रिल, राहत एवं बचाव तैयारियों का किया परीक्षण

रेल दुर्घटना की काल्पनिक स्थिति बनाकर चलाया गया अभियान, घायलों को 58 मिनट में अस्पताल पहुंचाया, विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय की परखी गई क्षमता

रतलाम, मध्य प्रदेश। रेल दुर्घटना जैसी आपात स्थिति में त्वरित राहत और बचाव कार्यों की तैयारियों को परखने के लिए गुरुवार, 26 नवंबर को पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के देवास स्टेशन यार्ड में रेलवे और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) सहित विभिन्न एजेंसियों ने संयुक्त मॉक ड्रिल आयोजित की। इस अभ्यास में राहत एवं चिकित्सा व्यवस्था, संसाधनों के उपयोग और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की कार्यक्षमता का परीक्षण किया गया। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, रेल दुर्घटना की काल्पनिक स्थिति तैयार कर रेलवे के विभिन्न विभागों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए। सूचना मिलते ही दुर्घटना राहत ट्रेन (एआरटी), दुर्घटना राहत चिकित्सा उपकरण (एआरएमई) और सेल्फ प्रोपेल्ड दुर्घटना राहत चिकित्सा उपकरण (एसपीएआरएमई) को संबंधित स्थानों से रवाना किया गया। सुबह 9:55 बजे राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम को भी सूचना दी गई। अभियान में रेलवे के इंजीनियरिंग, मैकेनिकल, परिचालन, विद्युत, सिग्नल एवं दूरसंचार, वाणिज्य और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। कंट्रोल ऑफिस और घटनास्थल पर तैनात अधिकारियों के बीच लगातार समन्वय के साथ राहत एवं बचाव अभियान संचालित किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई। सभी घायलों को सुबह 10:10 बजे से 11:08 बजे के बीच क्रमबद्ध तरीके से अस्पताल भेजा गया। इस दौरान आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं, उपलब्ध संसाधनों और विभिन्न एजेंसियों की त्वरित प्रतिक्रिया का व्यावहारिक परीक्षण किया गया। सभी निर्धारित राहत एवं बचाव गतिविधियां पूरी होने के बाद वरिष्ठ मंडल सुरक्षा अधिकारी डी.एम. सिंह ने सुबह 11:15 बजे मॉक ड्रिल समाप्त होने की घोषणा की। यह संयुक्त अभ्यास अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) कुंजीलाल मीना के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इसमें एनडीआरएफ भोपाल की 11वीं बटालियन, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी), सिटी पुलिस, स्थानीय प्रशासन, रेलवे सिविल डिफेंस, स्काउट एवं गाइड तथा रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रेलवे प्रशासन के अनुसार, इस तरह के संयुक्त अभ्यास आपातकालीन परिस्थितियों में तैयारियों का आकलन करने, राहत एवं बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने और रेलवे सहित संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *