अयोध्या से 2 दिसंबर को कांग्रेस फूंकेगी चुनावी बिगुल, आराधना मिश्रा मोना करेंगी अभियान का आगाज
रामलला और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन के बाद विशाल जनचौपाल को करेंगी संबोधित, पूर्वांचल की सीटों पर पार्टी की नजर

अयोध्या। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटी कांग्रेस रामनगरी अयोध्या से अपने चुनावी अभियान का आगाज करने जा रही है। पार्टी की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना 2 दिसंबर को अयोध्या पहुंचकर चुनावी बिगुल फूंकेंगी। इस कार्यक्रम के जरिए कांग्रेस की नजर खासतौर पर पूर्वांचल की विधानसभा सीटों पर है। पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुट करने और क्षेत्र में अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है। प्रदेश अध्यक्ष अयोध्या पहुंचकर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन करेंगी। इसके बाद वह एक विशाल जनचौपाल को संबोधित करेंगी। कार्यक्रम में पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।
रामनगरी से शुरुआत के पीछे राजनीतिक रणनीति
कांग्रेस द्वारा चुनावी अभियान की शुरुआत के लिए अयोध्या को चुनना राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रदेश की राजनीति में राम मंदिर और सनातन से जुड़े मुद्दों पर विभिन्न राजनीतिक दलों की सक्रियता के बीच कांग्रेस भी रामनगरी से बड़ा राजनीतिक संदेश देने की तैयारी में है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के धार्मिक स्थलों के दौरों और धार्मिक आयोजनों में भागीदारी के बाद कांग्रेस के इस कार्यक्रम को पूर्वांचल में विपक्षी दलों की बढ़ती राजनीतिक गतिविधियों के रूप में देखा जा रहा है।
तैयारियों को लेकर राष्ट्रीय सचिव ने की बैठक
प्रदेश अध्यक्ष के दौरे की तैयारियों के सिलसिले में मंगलवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव अभिषेक दत्त अयोध्या पहुंचे। उन्होंने कमला नेहरू भवन स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में अयोध्या और अंबेडकरनगर के पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में जनचौपाल की रूपरेखा, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा हुई। अभिषेक दत्त ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का अयोध्या में पहला आगमन पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण है। उनके स्वागत की व्यापक तैयारियां की जाएंगी। अंबेडकरनगर जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव ने भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की बात कही। वहीं, महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने प्रत्येक वार्ड से कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही।
कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना
जिला प्रवक्ता शीतला पाठक के अनुसार, कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, राष्ट्रीय सचिव अभिषेक दत्त और इमरान मसूद समेत कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है। अयोध्या से चुनावी अभियान की शुरुआत कर कांग्रेस पूर्वांचल में संगठन को सक्रिय करने और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को लामबंद करने की तैयारी में जुट गई है।
