जमीन विवाद: मोबाइल टॉवर पर चढ़ा युवक, डेढ़ घंटे बाद उतरा

मऊ, उत्तर प्रदेश। जमीन विवाद का समाधान नहीं होने और परिवार को कथित तौर पर जान से मारने की धमकियां मिलने से परेशान एक युवक मंगलवार सुबह कोपागंज थाना क्षेत्र के डाड़ी चट्टी स्थित मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। युवक सुबह करीब 8 बजे दिल्ली से लिच्छवी एक्सप्रेस के जरिए मऊ पहुंचा था। घर जाते समय रास्ते में मिले मोबाइल टॉवर पर पानी की बोतल और चिप्स लेकर चढ़ गया। मामला मधुबन तहसील क्षेत्र के परशुरामपुर गांव का है। सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी मधुबन दीपक सिंह, कोपागंज थानाध्यक्ष रोहन राकेश सिंह और सीएफओ के. वर्मा सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने माइक के जरिए युवक से बातचीत शुरू की। टॉवर पर चढ़े युवक अविनाश सोनकर ने बताया कि वह दिल्ली की एक फार्मेसी कंपनी में काम करता है। उसके गांव में आबादी की जमीन को लेकर पिछले तीन वर्षों से विवाद चल रहा है। आरोप है कि विपक्षी पक्ष आए दिन उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी देता है। इस संबंध में परिवार के लोग कई बार तहसील दिवस पर शिकायत कर चुके हैं। जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी और पुलिस अधिकारियों से भी न्याय की गुहार लगाई गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। युवक अपने साथ जमीन विवाद से संबंधित दस्तावेज भी लेकर आया था, जिन्हें अधिकारियों को सौंपा गया। करीब डेढ़ घंटे तक चली बातचीत के बाद प्रशासन की ओर से तत्काल कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर सुबह 10:30 बजे युवक सकुशल टॉवर से नीचे उतर आया। इसके बाद एसडीएम दीपक सिंह उसे अपनी गाड़ी से मधुबन तहसील ले गए और उसकी समस्या सुनी। एसडीएम ने तहसीलदार को मामले की जांच कर दोनों पक्षों को बुलाकर नियमानुसार विवाद का निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि परशुरामपुर गांव में आबादी की जमीन को लेकर विवाद है। युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद उसकी शिकायत सुनी गई है। तहसीलदार से मामले की जानकारी लेकर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *