मुंब्रा-दिवा में नाइजीरियाई दंपती समेत 3 विदेशी गिरफ्तार, 10.93 करोड़ का कोकीन और एमडी जब्त

दिवा के बेतवाडे स्थित सोसायटी में पुलिस का छापा; 2 किलो से अधिक कोकीन और 104.7 ग्राम मेफेड्रॉन बरामद

इंद्र यादव
ठाणे।
ठाणे शहर के मुंब्रा पुलिस स्टेशन के एनडीपीएस पथक ने दिवा-बेतवाडे इलाके में मादक पदार्थों की कथित तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नाइजीरियाई दंपती समेत तीन विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में कोकीन और मेफेड्रॉन (एमडी) बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थों की कुल कीमत करीब 10 करोड़ 93 लाख 8 हजार 700 रुपये आंकी गई है।
600 फ्लैटों वाली सोसायटी में पुलिस की तलाशी
पुलिस के मुताबिक, मुंब्रा पुलिस स्टेशन और एनडीपीएस पथक को सूचना मिली थी कि दिवा के बेतवाडे गांव स्थित मैराथॉन नेटवर्क सोसायटी में कुछ नाइजीरियाई नागरिक मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी में शामिल हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर 14 नवंबर 2026 को पुलिस ने सोसायटी में छापेमारी की। करीब 600 फ्लैटों की तलाशी के दौरान एक फ्लैट से 41 वर्षीय एमॅन्युएल चुकवुएमेका न्वाँक्वो और उसकी 41 वर्षीय पत्नी युकेरिया चुकवुएमेका ओबियानुजु को हिरासत में लिया गया। दोनों मूल रूप से नाइजीरिया के निवासी हैं। पुलिस ने उनके पास से 2 किलो 157.5 ग्राम कोकीन और 104.7 ग्राम मेफेड्रॉन बरामद किया। पूछताछ में कथित तौर पर सामने आया कि यह मादक पदार्थ सेनेगल निवासी उस्मान बुआरी अली से खरीदा गया था। इसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 51 ग्राम कोकीन बरामद होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, 18 नवंबर तक पुलिस हिरासत
तीनों आरोपियों के खिलाफ मुंब्रा पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी), 22(सी), 29 सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत अपराध क्रमांक 2013/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, न्यायालय ने तीनों आरोपियों को 18 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेजा है। जांच में यह जानकारी भी सामने आई है कि एमॅन्युएल और उस्मान के खिलाफ मुंबई तथा नवी मुंबई में पहले भी एनडीपीएस से जुड़े मामले दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों के पासपोर्ट, भारत में उनके प्रवास की वैधता और पुराने आपराधिक मामलों की जांच कर रही है।
इस वर्ष 42 आरोपी गिरफ्तार, 43 करोड़ के मादक पदार्थ जब्त
मुंब्रा एनडीपीएस पथक के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक 42 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें सात विदेशी नागरिक शामिल हैं। इस दौरान करीब 43 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। पुलिस ने गांजा और सिगरेट-तंबाकू से संबंधित मामलों में भी कार्रवाई किए जाने की जानकारी दी है। मुंब्रा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री अथवा विदेशी नागरिकों के अवैध रूप से रहने संबंधी कोई जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें। सूचना वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गणेश जवादवाड, एनडीपीएस पथक के सहायक पुलिस निरीक्षक सचिन ढगे (मो. 8108484000) या पुलिस उपनिरीक्षक रामकृष्ण दलवी (मो. 9657925910) को दी जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *