
एकनाथ शिंदे भी दौड़े, बोले- ठाणे से तैयार हों ओलंपिक पदक जीतने वाले खिलाड़ी
ठाणे। बारिश की फुहारों के बीच रविवार को ठाणे की सड़कों पर खेल और फिटनेस का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। ठाणे शहर की पहचान बन चुकी 32वीं ‘ठाणे महापौर वर्षा मैराथन स्पर्धा-2026’ में हजारों धावकों ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया। ठाणे महानगरपालिका (TMC) द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित वार्षिक खेल प्रतियोगिता में पेशेवर एथलीटों के साथ फिटनेस प्रेमी, विद्यार्थी, स्थानीय रनिंग क्लब और बड़ी संख्या में ठाणेकर शामिल हुए। ‘ठाणे की मैराथन, युवाओं की ऊर्जा!’ की थीम के साथ आयोजित मैराथन में छोटे बच्चों से लेकर युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों तक का उत्साह देखने लायक था। सुबह ठाणे महानगरपालिका मुख्यालय के पास से प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। मैराथन की प्रमुख श्रेणियों में 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन और 10 किलोमीटर की दौड़ शामिल रही, जिसमें राज्य के विभिन्न हिस्सों से आए धावकों ने अपनी प्रतिभा और दमखम दिखाया। बारिश के बावजूद प्रतिभागियों का उत्साह कम नहीं हुआ और शहर की सड़कों के दोनों ओर बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने तालियों और उत्साहवर्धन के साथ धावकों का हौसला बढ़ाया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मैराथन को हरी झंडी दिखाई और खुद भी राजनीतिक सहयोगियों, कलाकारों तथा अन्य गणमान्य लोगों के साथ दौड़ में शामिल हुए। शिंदे ने कहा कि ठाणे शहर की पहचान बन चुकी वर्षा मैराथन का यह 32वां वर्ष है और इसकी शुरुआत स्वर्गीय सतीश प्रधान की संकल्पना से हुई थी। पिछले तीन दशकों में इस प्रतियोगिता में अनेक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया है, वहीं आदिवासी क्षेत्रों से आने वाले प्रतिभाशाली धावकों ने भी यहां अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्होंने कहा कि हर साल मानसून शुरू होते ही ठाणेकर इस मैराथन का बेसब्री से इंतजार करते हैं। इस वर्ष भी बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और छोटे बच्चों से लेकर बड़े-बुजुर्ग तक सड़कों पर दौड़ते नजर आए। ठाणे शहर तेजी से बदल रहा है और बदलते ठाणे की ऊर्जा तथा उत्साह की झलक इस मैराथन में साफ दिखाई देती है। शिंदे ने कहा कि बारिश के बीच नागरिकों के साथ दौड़ना एक ऐसे गतिशील ठाणे का संदेश देता है, जो लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महाराष्ट्र में खेल संबंधी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि युवा खिलाड़ियों को अपने ही राज्य में विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। पूर्व क्रिकेटर नीलेश कुलकर्णी द्वारा खिलाड़ियों के लिए सुविधाओं को और बेहतर बनाने के संबंध में दिए गए सुझावों का उल्लेख करते हुए शिंदे ने कहा कि आवश्यक बदलाव निश्चित रूप से किए जाएंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में ठाणे से केवल राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि ओलंपिक में पदक जीतने वाले खिलाड़ी भी तैयार होंगे। उन्होंने खेलों को राजनीति से ऊपर बताते हुए कहा कि खेल हमें अनुशासन, प्रतिस्पर्धा और खेल भावना सिखाते हैं तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ अभियान की भावना को आगे बढ़ाते हैं। मैराथन का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ, जिसमें विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को नकद पुरस्कार और ट्रॉफियां देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एकनाथ शिंदे की पत्नी लता शिंदे, पूर्व क्रिकेटर नीलेश कुलकर्णी, विधायक संजय केळकर, विधायक रवींद्र फाटक, ठाणे की महापौर शर्मिला पिंपळोलकर, उपमहापौर कृष्णा पाटील, सभागृह नेता हनुमंत जगदाळे, गटनेता पवन कदम, विपक्ष के नेता अश्रफ शानु पठाण, नगरसेवक राजेश मोरे, संजय वाघुले, विकास रेपाळे, नम्रता जाधव भोसले, मीनल संख्ये, नारायण पवार, प्रतिभा मढवी, मृणाल पेंडसे, सुधीर कोकाटे, मुकेश मोकाशी, अभिनेता मंगेश देसाई सहित टीवी धारावाहिकों के कई अभिनेता-अभिनेत्रियां, जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में ठाणेकर उपस्थित रहे।

