
मुंबई। हाल ही चंडीगढ़ में आयोजित अखिल भारतीय नागरी सेवा योगासन क्रीड़ा प्रतियोगिता में महाराष्ट्र के योग खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 16 पदक अपने नाम किए। इस प्रतियोगिता में महाराष्ट्र ने 1 स्वर्ण, 8 रजत और 7 कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। केंद्रीय नागरी सेवा क्रीड़ा विभाग के तत्वावधान में चंडीगढ़ प्रशासन की मेजबानी में आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर के 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से लगभग 400 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। महाराष्ट्र की टीम ने श्रीमती अपर्णा जाधव (मानद सचिव, योग विभाग, सचिवालय जिमखाना) के मार्गदर्शन में यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की। विशेष रूप से महाराष्ट्र की पुरुष टीम ने सामूहिक स्पर्धा में उपविजेता (द्वितीय स्थान) का खिताब भी अपने नाम किया। स्वर्ण पदक दत्ताराम सावंत ने आर्टिस्टिक सोलो (50+ आयु वर्ग) में जीता, जबकि रजत पदक विजेताओं में योगेश्वर सानप एवं अभिजीत गायकवाड (आर्टिस्टिक पेयर, 40 वर्ष से कम), लता शिरसाठ (ट्रेडिशनल सोलो, 50+), योगिता देसाई (आर्टिस्टिक सोलो, 50+), शुभांगी सेजुल एवं योगिता देसाई (आर्टिस्टिक पेयर, 50+), तथा दत्ताराम सावंत एवं नामदेव चौधरी (आर्टिस्टिक पेयर, 50+) शामिल रहे। वहीं कांस्य पदक विजेताओं में श्रीकांत घोलकर एवं अभिजीत गायकवाड (रिदमिक पेयर, 40 वर्ष से कम), दयानंद बिडवे (ट्रेडिशनल सोलो एवं आर्टिस्टिक सोलो, 40–50 आयु वर्ग), योगिता देसाई (आर्टिस्टिक सोलो, 50+), तथा संगीता शेलके एवं भारती खराडे (रिदमिक पेयर, 50+) का समावेश है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि से महाराष्ट्र योग संघ में उत्साह का माहौल है और खिलाड़ियों पर सभी स्तरों से बधाई एवं शुभकामनाओं की वर्षा हो रही है।



