Wednesday, August 20, 2025
Google search engine
HomeCrimeशिवसेना विधायक ने दी थी जान से मारने की धमकी, अब तीन...

शिवसेना विधायक ने दी थी जान से मारने की धमकी, अब तीन लोगों ने पत्रकार को पीटा

जलगांव। महाराष्ट्र के जलगांव जिले में लोगों के एक समूह ने एक क्षेत्रीय दैनिक अखबार के पत्रकार पर हमला किया। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार और शिवसेना(यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने हमले की निंदा की और आरोप लगाया कि इसके पीछे शिवसेना के स्थानीय विधायक किशोर पाटिल के गुंडे हैं। हालांकि पाटिल ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनका इस घटना से कोई संबंध नहीं है। घटना बुधवार दोपहर जलगांव के पचोरा इलाके की है। पत्रकार संदीप महाजन ने पचोरा इलाके में एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म और बाद में उसकी हत्या करने के मामले पर खबर प्रकाशित की थी और इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की आलोचना की थी। हाल ही में एक ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें पचोरा के विधायक को पत्रकार को अपशब्द कहते हुए कथित रूप से सुना जा सकता है। संपर्क किए जाने पर पाटिल ने बताया मैंने उसे (महाजन) अपशब्द कहे क्योंकि इसके पीछे एक शक्तिशाली कारण था। हालांकि मेरा हमले से कोई सं‍बंध नहीं है। जब घटना हुई तब मैं मुंबई में था। मैं हमले का समर्थन नहीं करता हूं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने भी घटना की निंदा की और राज्य सरकार से हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सोशल मीडिया पर इस घटना का एक वीडिया प्रसारित हुआ है जिसमें पत्रकार संदीप महाजन को उनके दुपहिया वाहन से खींचकर कुछ लोगों द्वारा लात-घूंसे मारते हुए देखा जा सकता है। एक अधिकारी ने बताया कि पत्रकार की शिकायत पर पचोरा पुलिस ने तीन-चार लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 323 (जानबूझकर चोट पहुंचाना), 504 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना) और 506 ( आपराधिक मंशा) के तहत गैर-संज्ञेय अपराध दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी व्यक्तियों को नोटिस जारी कर दिया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय वडेट्टीवार ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा मैं शिवसेना विधायक किशोर पाटिल के गुंडों द्वारा पत्रकार संदीप महाजन पर इस कायराने हमले की निंदा करता हूं। जनता जल्द ही अहंकारी विधायक और उसकी सरकार को उसकी जगह दिखाएगी। अब स्पष्ट हो गया है कि राज्य में आम आदमी के साथ क्या होता है, जहां पत्रकारों की आवाज को दबाया जाता है और उन्हें पीटा जाता है। उन्होंने कहा कि पत्रकार ने सवाल उठाकर आठ वर्षीय लड़की के लिए न्याय की मांग की थी। कांग्रेस नेता ने पूछा कि क्या मुख्यमंत्री और गृह मंत्री पाटिल के खिलाफ कार्रवाई का साहस दिखाएंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments