
मुंबई। राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शिरडी में समृद्धि हाइवे के दूसरे चरण का लोकार्पण किया। इसके बाद अब नासिक के भरवीर से नागपुर तक का सफर सिर्फ 6 घंटे में पूरा किया जा सकता है। इससे समृद्धि हाइवे का शिर्डी से नागपुर तक का ६०० किलोमीटर का मार्ग आम नागरिकों के लिए खोल दिया गया है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि दिसंबर तक मुंबई से नागपुर तक का पूरा मार्ग बनकर तैयार हो जाएगा और इसे आम नागरिकों के लिए खोल दिया जाएगा। मौके उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल आदि उपस्थित थे। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि शिरडी से इगतपुरी तक ८० किमी सड़क का काम पूरा हो चुका है। इस हाइवे से मुंबई और आसपास के शहरों से शिरडी जाने वाले यात्रियों को फायदा होगा और समृद्धि हाइवे से २३ जिले जुड़ जाएंगे। मुंबई से नागपुर तक के ७०१ किमी में से ६०० किमी के हाइवे को आवागमन के लिए खोल दिया गया है और इस राजमार्ग पर आज से यातायात शुरू हो गया है। इससे पहले पिछले दिसंबर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शिरडी और नागपुर के बीच ५२० किलोमीटर लंबे समृद्धि राजमार्ग के पहले चरण का लोकार्पण किया था। आज समृद्धि हाइवे के दूसरे चरण का लोकार्पण किया जा रहा है। इसी वर्ष जनवरी तक यह हाइवे पूरी तरह से बनकर तैयार हो जाएगा. उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि इस हाइवे के निर्माण में बहुत समस्याएं आई थीं। जमीन देने के लिए किसानों ने आंदोलन किया था लेकिन जिस गांव में जमीन देने के लिए आंदोलन किया गया था, उस गांव के लोगों ने बाद में सबसे पहले जमीन दी थी। देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि बहुत जल्द यह हाइवे मुंबई से नागपुर तक आम जनता के लिए तैयार हो जाएगा और इसका लाभ राज्य की जनता को होगा।