
पंढरपुर। महाराष्ट्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को आषाढ़ी वारी के दौरान लाखों वारकरियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से माहिती एवं जनसंपर्क महासंचालनालय द्वारा आयोजित ‘संवादवारी’ ज्ञानेश्वरी विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया। शुक्रवार को यह विशेष प्रदर्शनी पंढरपुर कृषि उत्पन्न बाजार समिति परिसर में आयोजित राज्यस्तरीय कृषि महोत्सव के दौरान लगाई गई है। उद्घाटन समारोह में पालकमंत्री जयकुमार गोरे, विधायक गोपीचंद पडळकर, राजेंद्र राऊत, समाधान आवताडे, अभिजीत पाटील, विजयकुमार देशमुख, उत्तमराव जानकर, नारायणराव पाटील, पूर्व विधायक प्रशांत परिचारक, जिला परिषद अध्यक्ष दीपक वैद्य तथा कृषि उत्पन्न बाजार समिति के अध्यक्ष हरीश गायकवाड सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सरकार की ओर से बताया गया कि ‘संवादवारी’ पहल का उद्देश्य शासन और जनता के बीच संवाद को अधिक प्रभावी बनाना है। आषाढ़ी वारी में शामिल होने वाले लाखों श्रद्धालुओं और वारकरियों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए यह विशेष ज्ञानेश्वरी प्रदर्शनी तैयार की गई है। इस प्रदर्शनी में पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होल्कर किसान कर्जमुक्ति योजना-2026, महाराष्ट्र महिला किसान सशक्तिकरण, कौशल विकास एवं निवेश, महाराष्ट्र कृषि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) नीति, मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहीण योजना, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, कृषि विभाग की डिजिटल पहल, जलयुक्त शिवार, गाळमुक्त धरण-गाळयुक्त शिवार, महात्मा फुले जनआरोग्य योजना, कामगार कल्याण योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, नमो शेतकरी महासम्मान निधि, मुख्यमंत्री युवा कार्य प्रशिक्षण योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, रमाई आवास योजना, शबरी आवास योजना, मागेल त्याला शेततळे, लेक लाडकी योजना, पीएम यशस्वी छात्रवृत्ति योजना, आश्रम स्कूल सुविधाएं, हरित ऊर्जा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, महाराष्ट्र गृहनिर्माण योजना, दिव्यांग नीति, सतत जल संसाधन प्रबंधन एवं विकास, आपदा प्रबंधन तथा महाराष्ट्र रोजगार गारंटी योजना सहित अनेक योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। इन योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए एलईडी चित्ररथ, आकर्षक प्रदर्शनी, सूचना पैनल और पथनाट्य का उपयोग किया जा रहा है, ताकि वारकरी और आम नागरिक सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ आसानी से उठा सकें।

