
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। नगर में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना में मंगलवार दोपहर एक संत की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल फैल गया। संत की मौत की खबर मिलते ही सैकड़ों लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने हरदोई-उन्नाव मार्ग पर जाम लगाकर हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। मृतक की पहचान मिलन अर्कवंशी (46) पुत्र रामबली, निवासी मोहल्ला घूरे टोला के रूप में हुई है। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, मिलन अर्कवंशी सन्यासी जीवन व्यतीत कर रहे थे और मंगलवार को अपने मंदिर में मौजूद थे। दोपहर करीब 12 बजे वह बाईपास मार्ग के निकट स्थित पुरबिया टोला पहुंचे, जहां पहले से मौजूद कुछ लोगों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर अज्ञात हमलावरों ने मिलन अर्कवंशी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल संत लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद सभासद अतीक उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक डॉ. पीयूष मिश्रा ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हत्या की सूचना मिलते ही Uttar Pradesh Police के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। कोतवाली प्रभारी अखिलेश चंद पांडेय तथा क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। घटना से आक्रोशित लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने हरदोई-उन्नाव मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और अपराध नियंत्रण में पुलिस नाकाम साबित हो रही है। पुलिस अधिकारियों ने जल्द कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया तथा जाम समाप्त करवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। समाचार लिखे जाने तक मृतक पक्ष की ओर से कोई औपचारिक तहरीर नहीं दी गई थी। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है।



