शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए आधुनिक कॉल सेंटर मॉडल लागू

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। सदर विधायक पंकज गुप्ता ने जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और बेहतर जनसेवा के उद्देश्य से नई हेल्पलाइन सेवा शुरू की है। विधायक ने कहा कि यह पहल केवल आश्वासन तक सीमित नहीं है, बल्कि डिजिटल गवर्नेंस और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि जनता ने उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना है, इसलिए उनकी समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसी सोच के तहत आधुनिक कॉल सेंटर मॉडल पर आधारित यह हेल्पलाइन व्यवस्था शुरू की गई है, ताकि बिना किसी बिचौलिए के सेवाएं सीधे आम नागरिकों तक पहुंच सकें।
18008917418 पर दर्ज होगी शिकायत
नागरिक हेल्पलाइन नंबर 18008917418 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। कॉल प्राप्त होने पर प्रशिक्षित ऑपरेटर शिकायतकर्ता का नाम, मोबाइल नंबर और क्षेत्र की जानकारी डिजिटल पोर्टल पर दर्ज करेंगे। इसके बाद प्रत्येक शिकायत के लिए एक यूनिक टिकट आईडी जारी की जाएगी, जिससे शिकायतकर्ता अपनी शिकायत की स्थिति कभी भी ट्रैक कर सकेंगे। विधायक कार्यालय के अनुसार, सभी सूचनाएं सुरक्षित डिजिटल डैशबोर्ड पर संरक्षित रहेंगी, जिससे नागरिकों की गोपनीयता भी सुनिश्चित होगी।
सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं का होगा समाधान
राशन कार्ड, पेंशन, नाली निर्माण सहित विभिन्न सरकारी विभागों से संबंधित शिकायतों पर विधायक की टीम सीधे संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजेगी। यदि निर्धारित समय के भीतर समस्या का समाधान नहीं होता है, तो मामला सीधे विधायक पंकज गुप्ता के संज्ञान में लाया जाएगा। इसके अलावा अयोध्या दर्शन, नेत्र शिविर, “विधायक हर घर ज्योति अभियान”, शव बॉक्स सेवा और अन्य जनसेवा कार्यों के लिए भी कॉल सेंटर के माध्यम से तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
शिकायतकर्ता की संतुष्टि के बाद ही बंद होगी शिकायत
इस हेल्पलाइन की सबसे खास विशेषता इसका फीडबैक और क्लोजिंग सिस्टम है। शिकायत का समाधान होने के बाद टीम दोबारा शिकायतकर्ता से संपर्क कर उनकी संतुष्टि की पुष्टि करेगी। शिकायतकर्ता की सहमति मिलने के बाद ही शिकायत को बंद किया जाएगा। विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि इस व्यवस्था का उद्देश्य जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित कर समस्याओं का पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।




