
इंद्र यादव/मुंबई। ठाणे से एक बेहद चौंकाने वाली और दुखद खबर सामने आई है। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (RPI) के स्थानीय नेता अशोक कांबले का इलाज के दौरान निधन हो गया। करीब 10 दिन पहले उन पर जानलेवा हमला किया गया था, जिसके बाद से वे अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे थे। उनकी मौत के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है और पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। जानकारी के मुताबिक, यह पूरी घटना ठाणे शहर के श्रीनगर पुलिस स्टेशन क्षेत्र की है। 8 मई 2026 को रामनगर स्थित बुद्धविहार के पास, एमआईडीसी इलाके के एक अस्पताल के सामने अज्ञात हमलावरों ने अशोक कांबले पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया था। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना की जानकारी पुलिस को 10 मई को मिली, जिसके बाद श्रीनगर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इस मामले में शुरुआत में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) यानी हत्या के प्रयास और धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसके अलावा आर्म्स एक्ट 1959 की धारा 4 और 25 के तहत अवैध हथियार रखने और इस्तेमाल करने के आरोप भी लगाए गए थे। अब अशोक कांबले की मौत के बाद पुलिस इस मामले में हत्या की धारा 103 बीएनएस जोड़ने की तैयारी कर रही है। घटना के बाद समर्थकों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए श्रीनगर पुलिस स्टेशन क्षेत्र और अन्य संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि हमले में शामिल आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे षड्यंत्र का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना ने ठाणे में राजनीतिक और सामाजिक माहौल को गर्मा दिया है।




