36 साल से फरार लूट का आरोपी गुजरात से गिरफ्तार, मुंबई क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई

पंचरत्न बिल्डिंग के सामने रिवॉल्वर और चॉपर दिखाकर लूटे थे हीरे, सोने के आभूषण और नकदी, आरोपी पर स्थायी गैर-जमानती वारंट था जारी

मुंबई। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट-2 ने करीब 36 साल से फरार चल रहे लूट के एक आरोपी को गुजरात के वडोदरा जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ अदालत ने स्थायी गैर-जमानती वारंट जारी किया था। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और मैदानी खुफिया जानकारी के आधार पर उसका पता लगाकर 30 अक्टूबर 2026 को वडोदरा जिले के पोर गांव से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, करीब 36 साल पहले 29 वर्षीय एक व्यक्ति अपनी दुकान के हीरे, सोने के आभूषण और नकदी लेकर जा रहा था। इसी दौरान पंचरत्न बिल्डिंग के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने चार अज्ञात बदमाशों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने रिवॉल्वर और चॉपर दिखाकर धमकाया और मारपीट कर करीब 20 लाख 48 हजार 964 रुपये कीमत के हीरे, आभूषण और नकदी लूट ली थी। इस मामले में डॉ. डी.बी. मार्ग पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की गई थी। बाद में जांच क्राइम ब्रांच यूनिट-2 को सौंपी गई और अदालत में आरोपपत्र भी दाखिल किया गया। मामले की सुनवाई के दौरान आरोपी बार-बार अदालत में पेश नहीं हो रहा था। इसके बाद अदालत ने उसके खिलाफ स्थायी गैर-जमानती वारंट जारी किया, जिसे क्राइम ब्रांच यूनिट-2 को तामील करने के लिए सौंपा गया था।
तकनीकी जांच से मिला सुराग
पुलिस टीम ने प्रत्यक्ष जानकारी और तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपी का ठिकाना तलाशा। आखिरकार 30 अक्टूबर 2026 को गुजरात के वडोदरा जिले के पोर गांव में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के समय आरोपी की उम्र 59 वर्ष बताई गई है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) अनिल कुंभारे, अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) कृष्णकांत उपाध्याय, पुलिस उपायुक्त (प्रकटीकरण) राज तिलक रौशन और सहायक पुलिस आयुक्त डी-दक्षिण पडवल के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में क्राइम ब्रांच यूनिट-2 के प्रभारी पुलिस निरीक्षक दिलीप तेजनकर, पुलिस उपनिरीक्षक संकल्प मोकल, सफौ सावंत, पुलिस हवलदार घरत, सिंह और आह्वाड तथा महिला पुलिस हवलदार प्रियंका किरसागर शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *