
मुंबई। टीवी एक्ट्रेस रिधिमा पंडित, जो अपने लोकप्रिय शो हमारी बहू रजनीकांत से घर-घर में पहचान बना चुकी हैं, इन दिनों रियलिटी शो ‘द 50’ को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में वह इस शो से बाहर हो गई हैं। शो से बाहर आने के बाद रिधिमा ने मीडिया से बातचीत में कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उन्होंने शो में बने एलायंस, अन्य प्रतिभागियों के व्यवहार और शो के बाद मिल रही धमकियों को लेकर खुलकर अपनी बात रखी। रिधिमा पंडित ने बताया कि शो से बाहर आने के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर लगातार ट्रोलिंग और मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें रेप और डेथ थ्रेट तक मिल रहे हैं, जिससे वह काफी परेशान हैं।
गलत एलायंस के साथ खेला
रिधिमा ने स्वीकार किया कि शो में उन्होंने गलत एलायंस के साथ खेला। उनके मुताबिक जिस एलायंस में वह थीं, उसमें सदस्य आपस में ही ठीक से नहीं निभा पा रहे थे। बाहर आने के बाद उन्हें पता चला कि कई लोग उन्हें पसंद भी नहीं करते थे। हालांकि उन्होंने कहा कि रियलिटी शो में ऐसी स्थितियां सामान्य होती हैं और यह उनके लिए एक नया अनुभव था। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अभी तक उन्होंने पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन अगर जरूरत पड़ी तो वह पीछे नहीं हटेंगी।
वंशज सिंह पर साधा निशाना
रिधिमा का विवाद शो के एक प्रतिभागी वंशज सिंह से भी चर्चा में रहा। इस पर उन्होंने कहा कि वंशज दूसरों के नाम पर लोकप्रियता हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं और सोशल मीडिया के जरिए नफरत फैलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने वंशज को छोटे भाई की तरह समझाकर शांत करने की कोशिश की थी, लेकिन उनकी प्रतिक्रिया बेहद अपमानजनक रही।
प्रिंस नरूला से कोई नाराजगी नहीं
शो में प्रिंस नरूला के साथ उनके अच्छे रिश्ते देखने को मिले थे। इस पर रिधिमा ने कहा कि प्रिंस एक अच्छे खिलाड़ी हैं और उन्हें उनका गेम पसंद है। हालांकि शुरुआत में उन्होंने ज्यादा समर्थन नहीं दिया, लेकिन उनके मन में उनके लिए कोई नाराजगी नहीं है। रिधिमा ने कृष्णा श्रॉफ के व्यवहार को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि कई बार उन्हें लगा कि कृष्णा का रवैया थोड़ा एंटाइटल्ड था और वह खुद को दूसरों से ऊपर समझती हैं। रिधिमा के अनुसार बाद में उन्हें पता चला कि कृष्णा ने उनके बारे में पीठ पीछे कुछ बातें कही थीं, जो उन्हें ठीक नहीं लगा। रिधिमा ने करण पटेल के बारे में कहा कि वह अच्छे इंसान हैं और उन्हें वह शो से पहले से जानती हैं, लेकिन शो में वह ज्यादा सक्रिय नहीं दिखे। उन्होंने मजाकिया अंदाज में करण को “सबसे लेजी गेमर” का टैग दिया।
महिला एलायंस पर भी रखी राय
शो में महिलाओं के एलायंस की चर्चा पर रिधिमा ने कहा कि यह पूरी तरह बन नहीं पाया। इस मुद्दे पर उनकी दिव्या अग्रवाल से बहस भी हुई थी, लेकिन बाद में दोनों ने बातचीत कर मतभेद सुलझा लिए। उन्होंने यह भी कहा कि मनीषा रानी और अर्चना गौतम को टीम में उतनी अहमियत नहीं दी गई। शो के एक एपिसोड में निक्की तंबोली के साथ हुई बॉडी शेमिंग की घटना पर रिधिमा ने कहा कि किसी का मजाक उड़ाना या उसे नीचा दिखाना बिल्कुल गलत है। उन्होंने कहा कि हिंसा भी किसी समस्या का समाधान नहीं है।
इन खिलाड़ियों को बताया सच्चा
रिधिमा ने बताया कि उन्हें फैसल शेख (फैजू) का खेल सबसे ईमानदार लगा। वहीं उन्होंने दिव्या अग्रवाल और शिव ठाकरे को काफी समझदार और रणनीतिक खिलाड़ी बताया, जिन्हें पता है कि कैमरे के सामने क्या बोलना है और क्या नहीं। रिधिमा के इन बयानों के बाद रियलिटी शो ‘द 50’ एक बार फिर चर्चा में आ गया है और सोशल मीडिया पर इसको लेकर बहस तेज हो गई है।



