
मुंबई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में राज्यपाल सी.पी.राधाकृष्णन ने उनकी राजनीतिक यात्रा पर आधारित ‘महाराष्ट्र नायक’ नामक कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। मंगलवार को राजभवन में आयोजित इस कार्यक्रम की पहल जल संसाधन एवं आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने की थी। इस अवसर पर राज्यपाल ने फडणवीस की कार्यशैली को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि उन्होंने अल्प समय में ही महाराष्ट्र को प्रगति के पथ पर अग्रसर किया है। राज्यपाल ने जलयुक्त शिवार अभियान, समृद्धि महामार्ग, सेवा का अधिकार अधिनियम, एफडीआई में अव्वल रहने, मुंबई मेट्रो और अटल सेतु जैसी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए फडणवीस की विकास दृष्टि की प्रशंसा की। साथ ही, उन्होंने बताया कि फडणवीस के नेतृत्व में महाराष्ट्र ने ‘विश्व आर्थिक मंच-दावोस’ में वैश्विक मंच पर नई पहचान बनाई, जिससे 15 लाख करोड़ रुपये के एमओयू और 16 लाख से अधिक रोजगार सृजन का मार्ग प्रशस्त हुआ। गढ़चिरौली जैसे नक्सल प्रभावित जिले को इस्पात जिला बनाने का श्रेय भी उन्होंने मुख्यमंत्री को दिया। राज्यपाल ने ‘माझी लड़की बहन योजना’ को महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक क्रांतिकारी पहल बताया, जिसके माध्यम से एक करोड़ से अधिक महिलाओं को मासिक आर्थिक सहायता दी जा रही है। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, कौशल विकास मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा सहित कई विधायक व गणमान्य उपस्थित रहे। नार्वेकर ने कहा कि यह पुस्तक फडणवीस की यात्रा और नेतृत्व को आम जनता तक पहुँचाने का माध्यम बनेगी और उनके ‘विज़न डॉक्यूमेंट’ को साकार करने की दिशा में वे साथ मिलकर काम करते रहेंगे। कार्यक्रम में राज्यपाल ने उपमुख्यमंत्री अजित पवार को भी उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं।




