HomeArchitectureBreakingरायगढ़-रत्नागिरी में रेड अलर्ट, अगले 48 घंटे बेहद अहम, एनडीआरएफ तैनात

रायगढ़-रत्नागिरी में रेड अलर्ट, अगले 48 घंटे बेहद अहम, एनडीआरएफ तैनात

मुंबई। महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री आदिती तटकरे ने सोमवार को मंत्रालय स्थित राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र में आपदा प्रबंधन विभाग के निदेशक भालचंद्र चव्हाण से रायगढ़, रत्नागिरी सहित राज्यभर की बाढ़ की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। मंत्री तटकरे ने बताया कि भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने रायगढ़ जिले के लिए आज रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि रत्नागिरी जिले के लिए भी रेड अलर्ट घोषित किया गया है। ऐसे में अगले 48 घंटे दोनों जिलों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। प्रशासन को सभी आवश्यक एहतियाती उपाय तत्काल लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। संभावित आपदा से निपटने के लिए महाड में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की एक टीम पूरी तरह तैयार रखी गई है। इसके अलावा सुधागढ़ और रोहा क्षेत्र में आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी राहत कार्य सुनिश्चित करने के लिए 145 अतिरिक्त जवानों की तैनाती की मांग भी की गई है। आदिती तटकरे ने कहा कि बाढ़ के दौरान राहत कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने वाली कर्जत और खोपोली की विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं से लगातार संपर्क बनाए रखा गया है। आवश्यकता पड़ने पर इन संस्थाओं को सरकार की ओर से जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे और जरूरत के अनुसार जिले के अन्य क्षेत्रों में भी उनकी सेवाएं ली जाएंगी। उन्होंने कहा कि राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र से स्वयं लगातार स्थिति की निगरानी की जा रही है और नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी सरकारी मशीनरी पूरी तरह सतर्क एवं तैयार है। मंत्री तटकरे ने राज्य के नागरिकों से अपील की कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें, अनावश्यक यात्रा से बचें तथा अपनी और दूसरों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments