बाइक चोर को गिरफ्तार कर पुलिस ने निकाला जुलूस, कान पकड़कर मांगता रहा माफी
उज्जैन में महाकाल थाना पुलिस ने चोरी की होंडा शाइन बाइक की बरामद, आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं सात आपराधिक मामले

उज्जैन, मध्य प्रदेश। शहर में बाइक चोरी के मामले में महाकाल थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का शहर में जुलूस निकाला। इस दौरान आरोपी दोनों कान पकड़कर लोगों से माफी मांगता और आगे चोरी नहीं करने की बात कहता नजर आया। पुलिस के अनुसार, कोट मोहल्ला निवासी सोहेल खान ने 23 सितंबर की रात अपनी होंडा शाइन बाइक (MP13 FR 9291) घर के बाहर खड़ी की थी। अगली सुबह करीब छह बजे बाइक गायब मिली। काफी तलाश करने के बाद सोहेल ने महाकाल थाने पहुंचकर चोरी की शिकायत दर्ज कराई। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसके आधार पर पुलिस ने विशाल उर्फ आकाश उर्फ चीका वर्मा उर्फ राज को भैरवगढ़ में मदरसे के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ उज्जैन के महाकाल, भैरवगढ़, बड़नगर और नागदा थानों में चोरी तथा मारपीट सहित सात मामले पहले से दर्ज हैं। बाइक चोरी का यह आठवां मामला बताया जा रहा है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का जुलूस निकाला, जिसमें वह कान पकड़कर माफी मांगता दिखाई दिया। पुलिस का कहना है कि शहर में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
