इंदौर के कारोबारी से 10 करोड़ की रंगदारी मांगने का आरोप, रोहित गोदारा गिरोह का लिया नाम
फोन कॉल और वॉयस मैसेज के जरिए हत्या की धमकी, कारोबारी की शिकायत पर क्राइम ब्रांच ने दर्ज किया मामला

इंदौर, मध्य प्रदेश। शहर में कारोबारियों और उद्योगपतियों को धमकी देकर रंगदारी मांगने का सिलसिला एक बार फिर सामने आया है। ताजा मामले में एक कारोबारी से फोन कॉल और वॉयस मैसेज के जरिए 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का आरोप लगा है। लगातार आ रहे फोन कॉल से परेशान कारोबारी ने एक युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। आरोपी की पहचान सागर सिंह शेखावत के रूप में बताई गई है। वह कथित तौर पर खुद को गैंगस्टर रोहित गोदारा गिरोह से जुड़ा बता रहा है। पुलिस अब मामले की जांच के साथ फोन कॉल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजेश दंडोतिया के मुताबिक, शिकायतकर्ता संजय कुमार ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से एक अज्ञात व्यक्ति उन्हें लगातार फोन कॉल और वॉयस मैसेज भेजकर निशाना बना रहा था। फोन करने वाले ने खुद को रोहित गोदारा गिरोह से जुड़ा बताते हुए धमकी दी कि यदि 10 करोड़ रुपये नहीं दिए गए तो उनकी हत्या कर दी जाएगी। कारोबारी की शिकायत के आधार पर क्राइम ब्रांच थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। डीसीपी ने बताया कि पुलिस फोन कॉल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है, ताकि आरोपी की पहचान और उसकी भूमिका स्पष्ट हो सके। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि सागर सिंह शेखावत वास्तव में रोहित गोदारा गिरोह से जुड़ा है या फिर रंगदारी वसूलने के लिए गिरोह के नाम का इस्तेमाल कर रहा है। जांच के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
