अंधेरे में दो नाबालिग बच्चियों को बस से उतारने पर चालक-वाहक निलंबित

रोहा में हुई घटना पर परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने लिया संज्ञान, जांच के बाद दोनों कर्मचारियों पर कार्रवाई, भविष्य में ऐसी घटना होने पर बर्खास्तगी की चेतावनी

मुंबई। एसटी बस से यात्रा कर रही दो नाबालिग बच्चियों को रात के अंधेरे में सड़क पर उतारने की घटना को परिवहन मंत्री तथा महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एसटी महामंडल) के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक ने गंभीरता से लिया है। मामले की तत्काल जांच के निर्देश के बाद संबंधित बस चालक और वाहक को 16 नवंबर 2026 से निलंबित कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को भंडारा डिपो की एसटी बस से यात्रा कर रही दो नाबालिग बच्चियों को रात के समय रोहा में अंधेरे में बस से उतार दिया गया था। इस घटना की खबर स्थानीय समाचार पत्रों, न्यूज चैनलों और सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे थे। मामले का संज्ञान लेते हुए परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने एसटी प्रशासन को गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जांच में चालक और वाहक की जिम्मेदारी तय
मंत्री के निर्देश पर भंडारा विभाग नियंत्रक और डिपो प्रबंधक के माध्यम से प्राथमिक जांच की गई। जांच में संबंधित चालक अनिल सावरे और वाहक उदेभान मेश्राम की जिम्मेदारी तय की गई। इसके बाद दोनों को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही महामंडल की अनुशासन एवं अपील प्रक्रिया के तहत उनके विरुद्ध आगे की कार्रवाई शुरू की गई है।
बच्चों की सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
परिवहन मंत्री सरनाईक ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए एसटी कर्मचारियों को विशेष रूप से स्कूली विद्यार्थियों और नाबालिग यात्रियों की सुरक्षा का ध्यान रखना होगा। विद्यार्थियों को उनके घर तक सुरक्षित पहुंचाने की जिम्मेदारी एसटी प्रशासन की है। कर्मचारियों को बच्चों के साथ अपने बच्चों जैसा संवेदनशील व्यवहार करना चाहिए। इस संबंध में एसटी प्रशासन को तत्काल आवश्यक परिपत्र जारी करने के निर्देश भी दिए गए हैं। सरनाईक ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षित यात्रा एसटी महामंडल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। महिलाओं, छोटे बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कर्तव्य में चूक करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि फिलहाल संबंधित कर्मचारियों को निलंबित किया गया है, लेकिन भविष्य में ऐसी घटना दोबारा होने पर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त करने तक की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *