यूपी में 39 इनामी महिलाएं पुलिस की पकड़ से बाहर, शाइस्ता परवीन और आफसा अंसारी भी सूची में शामिल

हत्या, गैंगस्टर, विस्फोटक अधिनियम और धोखाधड़ी जैसे गंभीर मामलों में हैं वांछित, प्रयागराज जोन की नौ महिलाओं पर घोषित है इनाम

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित महिलाओं की लंबी सूची पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है। हत्या, दहेज हत्या, गैंगस्टर, धोखाधड़ी, विस्फोटक अधिनियम और देह व्यापार जैसे मामलों में आरोपी प्रदेश की 39 महिलाएं अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। इनमें प्रयागराज जोन की नौ महिलाएं शामिल हैं। चार महिलाओं पर 50-50 हजार रुपये तक का इनाम घोषित है। कुछ महिलाएं दो साल से तो कुछ करीब 11 साल से फरार बताई जा रही हैं। इनमें माफिया अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन और मुख्तार अंसारी की पत्नी आफसा अंसारी के नाम भी शामिल हैं।
प्रयागराज जोन की नौ महिलाएं इनामी सूची में
प्रयागराज, फतेहपुर, कौशांबी और प्रतापगढ़ जिलों की नौ महिलाएं पुलिस की इनामी सूची में शामिल हैं। प्रयागराज के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में वर्ष 2022 में हुई वारदात के मामले में मध्य प्रदेश की निवासी एक महिला पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है। धूमनगंज थाने में विस्फोटक अधिनियम के मामले में वर्ष 2023 से फरार महिला पर 50 हजार रुपये का इनाम है। इसी थाना क्षेत्र के एक अन्य मामले में मेरठ के नौचंदी क्षेत्र की महिला पर 25 हजार रुपये और प्राणघातक हमले के एक अन्य मामले में दूसरी महिला पर भी 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। मुट्ठीगंज थाना क्षेत्र में वर्ष 2015 में हुई चोरी के मामले में अतरसुइया क्षेत्र की महिला पर 20 हजार रुपये का इनाम है। वहीं, शिवकुटी में वर्ष 2024 की एक घटना के मामले में गोविंदपुर की महिला पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है। प्रतापगढ़ कोतवाली के वर्ष 2025 के मामले में एक युवती और हमीरपुर के मौदहा थाना क्षेत्र में वर्ष 2022 के प्राणघातक हमले के मामले में एक महिला पर 25-25 हजार रुपये का इनाम है।
शाइस्ता, आफसा और जैनब भी फरार
इनामी महिलाओं की सूची में माफिया अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन का नाम भी शामिल है। शाइस्ता पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित है और वह वर्ष 2023 से फरार बताई जा रही है। मुख्तार अंसारी की पत्नी आफसा अंसारी पर भी 50 हजार रुपये का इनाम है। वह वर्ष 2022 से पुलिस की पकड़ से बाहर है। अतीक अहमद के भाई अशरफ की पत्नी रूबी उर्फ जैनब पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है। वह भी वर्ष 2023 से फरार बताई जा रही है।
पति-पत्नी दोनों वांछित, गिरफ्तारी अब भी चुनौती
इनामी सूची में ऐसे मामले भी हैं, जिनमें पति और पत्नी दोनों आरोपी हैं। बाराबंकी के एक मामले में महिला और उसके पति पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित है। लखनऊ के सरोजनी नगर थाना क्षेत्र में वर्ष 2025 के एक मामले में पति-पत्नी दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम है। वाराणसी के चेतगंज निवासी एक युवती पर भी 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। लखनऊ जोन में अयोध्या, सीतापुर, रायबरेली और बाराबंकी सहित कई जिलों की महिलाएं लंबे समय से फरार हैं। अयोध्या के पूराकलंदर थाना क्षेत्र में हत्या समेत अलग-अलग मामलों में कई महिलाओं पर इनाम घोषित है। कुछ मामलों में एक साथ तीन से चार महिलाएं भी आरोपी हैं। एसीपी विजय ढुल के अनुसार, इनामी महिलाओं से जुड़े मामलों की समीक्षा की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *