मीरा-भायंदर में ‘प्लॉग रन 2026’ को उत्साहपूर्ण प्रतिसाद, 4 हजार तक नागरिकों ने लिया हिस्सा

‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ के संकल्प के साथ सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर चलाया स्वच्छता अभियान


मीरा-भायंदर। मीरा-भायंदर महानगरपालिका की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ की अवधारणा पर गुरुवार,1 अक्टूबर को ‘प्लॉग रन 2026’ का आयोजन किया गया। महापौर डिंपल विनोद मेहता और उपमहापौर ध्रुवकिशोर पाटील की प्रमुख उपस्थिति तथा महानगरपालिका आयुक्त राधाबिनोद ए. शर्मा के मार्गदर्शन में प्रभाग समिति क्रमांक 1 से 6 के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर आयोजित इस अभियान में करीब 3,500 से 4,000 नागरिकों ने हिस्सा लिया। प्लॉग रन के दौरान नागरिकों ने चलते और दौड़ते हुए सड़कों एवं सार्वजनिक परिसरों में पड़े प्लास्टिक, कागज और अन्य कचरे को एकत्र कर सफाई की। अभियान के माध्यम से कचरे के उचित वर्गीकरण, सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंकने, प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने और पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। अभियान में महानगरपालिका के अधिकारी-कर्मचारियों, सफाई कर्मचारियों, सामाजिक एवं सेवाभावी संस्थाओं, स्कूली विद्यार्थियों, युवक-युवतियों और नागरिकों ने भाग लिया। ‘मेरा शहर, मेरी जिम्मेदारी’ की भावना के साथ नागरिकों की स्वच्छता अभियानों में प्रत्यक्ष भागीदारी बढ़ाना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य रहा। महापौर डिंपल विनोद मेहता ने कहा कि स्वच्छता केवल महानगरपालिका प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से दैनिक जीवन में स्वच्छता की आदत अपनाने, गीले और सूखे कचरे का उचित वर्गीकरण करने तथा सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंकने की अपील की।
उपमहापौर ध्रुवकिशोर पाटील ने कहा कि प्लॉग रन जैसे कार्यक्रमों से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर सकारात्मक जनजागरूकता पैदा होती है। उन्होंने विद्यार्थियों, युवाओं और नागरिकों से स्वच्छता का संदेश अपने परिवार एवं आसपास के लोगों तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को स्वच्छता अभियान से जोड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मीरा-भायंदर महानगरपालिका की स्वच्छ सर्वेक्षण ब्रांड एम्बेसडर त्रिशा ठोसर भी मौजूद रहीं। स्कूली विद्यार्थियों ने कचरा वर्गीकरण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर आधारित जागरूकता नाटिका प्रस्तुत की। नाटिका के माध्यम से गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्र करने, कचरे के उचित निस्तारण और सार्वजनिक स्वच्छता में नागरिकों की भूमिका का संदेश दिया गया। इस अवसर पर उपायुक्त डॉ. सचिन बांगर, कविता बोरकर, प्रणाली घोंगे और स्वप्नील सावंत, महिला एवं बाल कल्याण समिति सभापति अनिता पाटील, उपसभापति हेमा बेलानी, प्रभाग समितियों के सभापति, नगरसेवक-नगरसेविकाएं, स्वच्छता निरीक्षक, महानगरपालिका अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। महानगरपालिका के अनुसार, मीरा-भायंदर को अधिक स्वच्छ, सुंदर, स्वस्थ और पर्यावरण अनुकूल शहर बनाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सहभागिता से जुड़े कार्यक्रम आगे भी जारी रखे जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *