HomeArchitectureMira Bhayandarमीरा-भाईंदर में 25 हजार पौधे लगाने का संकल्प, वन महोत्सव के तहत...

मीरा-भाईंदर में 25 हजार पौधे लगाने का संकल्प, वन महोत्सव के तहत पौधारोपण

महानगरपालिका के रजत जयंती वर्ष पर पर्यावरण संरक्षण की पहल, नागरिकों से पौधारोपण और संरक्षण में भागीदारी की अपील

मीरा-भाईंदर। मीरा-भाईंदर महानगरपालिका ने अपनी स्थापना और सार्वजनिक सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मनाए जा रहे रजत जयंती वर्ष के तहत पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। महानगरपालिका ने शहर में 25 हजार पौधे लगाने का संकल्प लिया है। इसी अभियान के तहत बुधवार, 2 सितंबर को ‘वन महोत्सव’ का आयोजन कर विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण किया गया। पौधारोपण कार्यक्रम में मीरा-भाईंदर की महापौर डिंपल विनोद मेहता, उपमहापौर ध्रुवकिशोर पाटील, स्थायी समिति सभापति हसमुख गहलोत, रजत जयंती वर्ष समिति की अध्यक्ष शानू गोहिल सहित समिति के सदस्यों ने हिस्सा लिया। जनप्रतिनिधियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और शहर को हरा-भरा बनाने का संदेश दिया। महानगरपालिका ने इससे पहले 5 जून 2026 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पूरे शहर में 25 हजार पौधे लगाने का संकल्प लिया था। रजत जयंती वर्ष के दौरान इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए चरणबद्ध तरीके से विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण किया जा रहा है। महानगरपालिका के मुताबिक अभियान का उद्देश्य शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाना, पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना, बढ़ते तापमान और प्रदूषण को कम करने में योगदान देना तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए अधिक स्वस्थ और पर्यावरण अनुकूल शहर तैयार करना है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों के साथ महानगरपालिका के विभिन्न विभागों को भी अभियान से जोड़ा गया है। वन महोत्सव में अतिरिक्त आयुक्त डॉ. संभाजी पानपट्टे, मुख्य उद्यान अधीक्षक नागेश वीरकर, प्रभाग समिति के सभापति, नगरसेवक-नगरसेविकाएं, महानगरपालिका के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली विद्यार्थी और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। विद्यार्थियों और नागरिकों ने भी पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी भागीदारी दर्ज कराई।महानगरपालिका ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और नियमित देखभाल भी उतनी ही जरूरी है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। महानगरपालिका ने मीरा-भाईंदर के नागरिकों, हाउसिंग सोसायटियों, स्कूल-कॉलेजों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, स्वयंसेवी और सामाजिक संस्थाओं तथा युवाओं से पौधारोपण और लगाए गए पौधों के संरक्षण में आगे आने की अपील की है। महानगरपालिका ने रजत जयंती वर्ष में 25 हजार पौधों का लक्ष्य पूरा कर ‘हरित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल मीरा-भाईंदर’ बनाने के अभियान में नागरिकों से सहयोग करने का आह्वान किया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments