झांसी में 37 केंद्रों पर पीईटी-2026 की परीक्षा संपन्न, डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण

दो पालियों में 21,001 अभ्यर्थी उपस्थित, 10,391 रहे अनुपस्थित, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को भी होगी परीक्षा

झांसी, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 रविवार, 25 अक्टूबर को झांसी जिले के 37 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की गई। जिलाधिकारी गौरांग राठी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने राजकीय इंटर कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा संपन्न कराने के लिए केंद्र व्यवस्थापकों तथा सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को आवश्यक निर्देश दिए।
सीसीटीवी और बायोमैट्रिक व्यवस्था की जांच
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षार्थियों की बायोमैट्रिक उपस्थिति, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और परीक्षा कक्षों की व्यवस्था की जांच की। जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय और प्रकाश की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी सीसीटीवी कैमरों को लगातार चालू रखने के भी निर्देश दिए।
दोनों पालियों में 21 हजार से अधिक परीक्षार्थी उपस्थित
अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल के अनुसार, प्रथम पाली में 15,696 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 10,579 उपस्थित रहे, जबकि 5,117 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 15,696 परीक्षार्थियों में से 10,422 ने परीक्षा दी और 5,274 अनुपस्थित रहे। इस प्रकार दोनों पालियों में कुल 21,001 परीक्षार्थी उपस्थित हुए और 10,391 अनुपस्थित रहे।
परीक्षार्थियों के परिजनों से किया संवाद
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्र के बाहर मौजूद परीक्षार्थियों के परिजनों से बातचीत कर उनके ठहरने और आवागमन की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। प्रयागराज से आए कुछ परिजनों ने बताया कि वे एक दिन पहले झांसी पहुंचे थे और नगर निगम की ओर से उपलब्ध कराए गए आश्रय स्थल पर निःशुल्क ठहरे थे। उन्होंने टैक्सी से आवागमन के दौरान अतिरिक्त किराया नहीं वसूले जाने की भी जानकारी दी। परीक्षार्थियों और उनके परिजनों को ठहरने में परेशानी न हो, इसके लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर अधिकारियों ने नगर के रैन बसेरों का निरीक्षण किया। प्रशासन के अनुसार, रैन बसेरों में निःशुल्क ठहरने की व्यवस्था की गई थी। अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने बताया कि जिले के 37 परीक्षा केंद्रों पर 30 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को भी पीईटी आयोजित की जाएगी। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह, राजकीय इंटर कॉलेज के प्राचार्य सतीश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *