जून 2027 तक पूरा हो सकता है उन्नाव स्टेशन का पुनर्विकास, रेलवे जीएम ने किया निरीक्षण

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत निर्माण कार्य की प्रगति परखी, महिला प्रतीक्षालय के नवीनीकरण के निर्देश, नेपाली यात्री की मौत के मामले में पुलिस से जानकारी लेने की बात कही

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। उन्नाव रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कार्य जून 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है। शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे नॉर्दर्न रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) राजेश पांडे ने स्टेशन पहुंचकर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली और निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
आधी बिल्डिंग का काम आगे बढ़ा, गुणवत्ता पर जोर
निरीक्षण के बाद जीएम राजेश पांडे ने बताया कि स्टेशन के पुनर्विकास का काम जारी है। फिलहाल आधी बिल्डिंग का निर्माण काफी आगे बढ़ चुका है। इसके पूरा होने के बाद दूसरी तरफ का निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि जून 2027 तक पुनर्विकास का काम पूरा हो सकता है। इसके लिए रेलवे की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। जीएम ने कहा कि निर्माण के दौरान कुछ छोटी-मोटी कमियां सामने आती रहती हैं। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं, ताकि निर्माण कार्य की गुणवत्ता उच्च स्तर की बनी रहे।
यात्री सुविधाओं में सुधार और महिला प्रतीक्षालय के नवीनीकरण के निर्देश
जीएम ने कहा कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है। स्टेशन पर यात्री सुविधाओं से जुड़ी कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। महिला यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महिला प्रतीक्षालय का नवीनीकरण कराने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि यात्रियों और आम लोगों से मिलने वाली शिकायतों व सुझावों पर ध्यान देकर सुविधाओं में सुधार के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
नेपाली यात्री की मौत के मामले में पुलिस से लेंगे जानकारी
स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल पूछे जाने पर जीएम ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ है। पत्रकारों ने नेपाली यात्री पुष्कर के साथ ट्रेन में कथित मारपीट, जीआरपी हिरासत से जुड़े घटनाक्रम और बाद में कानपुर में उसकी मौत का मामला उठाया। जांच और कार्रवाई की स्थिति के बारे में पूछे जाने पर जीएम ने कहा कि संबंधित कार्रवाई पुलिस की ओर से की जा रही है। उन्होंने कहा कि वह पुलिस से मामले की जानकारी लेकर उपलब्ध कराएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *