दृष्टिकोण: देश की नीतियों पर सवाल या प्रायोजित राष्ट्रविरोधी आचरण

डॉ. सुधाकर आशावादी
इसे राष्ट्रविरोधी आचरण कहा जाए या राष्ट्रभक्ति, यह बहस का विषय हो सकता है, लेकिन अपने ही देश की नीतियों पर कुतर्कों का सहारा लेकर सवाल खड़े करना उन तत्वों की नीयत पर प्रश्न खड़ा करता है, जिन्हें अपने देश में कुछ भी सकारात्मकता नजर नहीं आती। प्रश्न यह है कि जिसे अपने देश में अपनी एकपक्षीय सोच के चलते कभी सम्मान नहीं मिला, वह विदेशों में आयोजित प्रायोजित कार्यक्रमों के जरिए अपने देशवासियों और अंतरराष्ट्रीय जगत में क्या संदेश देना चाहता है। यदि वह अपने सियासी मंसूबों को पूरा करने के लिए देश की छवि को नुकसान पहुंचाने की नीयत से ऐसा कर रहा है, तब उसके विरुद्ध कठोर कार्यवाही न किए जाने का औचित्य क्या है? बात केवल किसी एक राजनीतिक दल या व्यक्ति की नहीं है। कोई भी राष्ट्र तब तक समृद्धि की सीढ़ियां नहीं चढ़ सकता, जब तक कि उसका प्रत्येक नागरिक राष्ट्र के प्रति समर्पित आचरण न करता हो। विडंबना है कि राष्ट्र के सुरक्षा बलों के शौर्य, राष्ट्र के अर्थशास्त्रियों की योग्यता, राष्ट्र की लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने का प्रयास करने वाले शासकों के सकारात्मक दृष्टिकोण को कटघरे में खड़ा करने का चलन बढ़ गया है। जिन्होंने कभी राष्ट्र में जनमानस के प्रति समान नीतियों का समर्थन नहीं किया, जिनकी राजनीतिक धरती उनके पैरों तले से खिसक चुकी है, जिनके प्रति जनविश्वास दम तोड़ चुका है, वे काल्पनिक आधार पर यदि देश की समूची व्यवस्था को ही कटघरे में खड़ा करते हैं, तब आम आदमी के लिए यह आवश्यक हो जाता है कि ऐसे तत्वों के विरुद्ध अवहेलनापूर्ण अभियान चलाए, ऐसे तत्वों का सार्वजनिक रूप से बहिष्कार करे, ताकि वे अपने मानसिक संतुलन का परीक्षण कराने हेतु विवश हो जाएं तथा आम आदमी उनकी हरकतों से जनित प्रायोजित अराजकता से छुटकारा पा सके। यहां इस सत्य को भी नहीं झुठलाया जा सकता कि स्वस्थ लोकतंत्र के लिए सकारात्मक विपक्ष का मजबूत होना भी अनिवार्य है, ताकि शासक निरंकुश न हो सके, किंतु नादान और अविवेकी विपक्ष का होना राष्ट्र के लिए घातक सिद्ध हो सकता है। देश के विपक्ष का अपने ही घर में बैठकर समस्याओं पर मंथन न करना, समस्या समाधान के प्रति गंभीर न होना भी गंभीर चिंता का विषय है। प्रश्न यह भी है कि क्या विश्व के बड़े लोकतांत्रिक देश में राष्ट्र चिंतन करने का दायित्व और अधिकार चंद सामंती परिवारों तक ही सीमित है? जो देश के समग्र विकास की योजनाएं न बनाकर सिर्फ अपने पारिवारिक साम्राज्य के विस्तार को स्वस्थ लोकतंत्र का प्रतीक मानता है। परिवर्तन के दौर में इस विषय पर व्यापक विचार विमर्श अपेक्षित है।
