मध्य रेल की दोहरी उपलब्धि: अनुपमा रामचंद्रन ने जीती विश्व स्नूकर चैंपियनशिप, निशानेबाजी टीम बनी ओवरऑल चैंपियन

विश्व महिला स्नूकर चैंपियनशिप में अनुपमा ने बढ़ाया देश का मान, रेलवे निशानेबाजों ने 12 स्वर्ण सहित जीते 25 पदक

मुंबई। मध्य रेल के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय रेल और देश का गौरव बढ़ाया है। मध्य रेल की स्नूकर खिलाड़ी अनुपमा रामचंद्रन ने इंदौर में आयोजित विश्व महिला स्नूकर चैंपियनशिप 2026 का खिताब अपने नाम किया। वहीं, पश्चिम बंगाल के आसनसोल में आयोजित 59वीं अखिल भारतीय रेलवे निशानेबाजी चैंपियनशिप 2026 में मध्य रेल की टीम ने ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इन दोनों उपलब्धियों से मध्य रेल के खेल जगत में खुशी का माहौल है।
अनुपमा रामचंद्रन बनीं विश्व महिला स्नूकर चैंपियन
मध्य रेल में कार्यरत भारतीय रेलवे की स्नूकर खिलाड़ी अनुपमा रामचंद्रन ने 17 से 21 नवंबर 2026 तक इंदौर में आयोजित आईबीएसएफ विश्व स्नूकर चैंपियनशिप में महिला वर्ग का खिताब जीतकर देश का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में नौ देशों की 22 महिला खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। अनुपमा ने अपने शानदार कौशल, धैर्य और दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए खिताब पर कब्जा जमाया। इस उपलब्धि में उन्हें विश्व बिलियर्ड्स चैंपियन और मध्य रेल के वरिष्ठ खेल अधिकारी अशोक शांडिल्य का मार्गदर्शन मिला।
निशानेबाजी में मध्य रेल की टीम ओवरऑल चैंपियन
मध्य रेल ने 16 से 20 नवंबर 2026 तक पश्चिम बंगाल के आसनसोल में आयोजित 59वीं अखिल भारतीय रेलवे निशानेबाजी चैंपियनशिप में भी शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में भारतीय रेलवे के विभिन्न जोन और उत्पादन इकाइयों की 15 टीमों के 120 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। मध्य रेल के 16 निशानेबाजों की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब हासिल किया। टीम ने कुल 25 पदक अपने नाम किए, जिनमें 12 स्वर्ण, एक रजत और 12 कांस्य पदक शामिल हैं। पदक विजेताओं में पंकज मुखेजा, फुलचंद बांगर, सुमेध कुमार देवलालीवाला, रिया थत्ते, शाहू माने, पायल, राहुल पाटील, जितेंद्र विभुते और राधिका हवालदार शामिल हैं। मध्य रेल ने अनुपमा रामचंद्रन, सभी पदक विजेता निशानेबाजों, प्रशिक्षकों और सहयोगी कर्मचारियों को इस शानदार सफलता के लिए बधाई दी है। रेल प्रशासन के अनुसार, यह उपलब्धियां खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराने की उसकी निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। इन सफलताओं से भारतीय रेल और मध्य रेल की खेलों में समृद्ध परंपरा को नई मजबूती मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *