Sunday, February 22, 2026
Google search engine
HomeReviews18 जनवरी को बीएलओ बूथ पर करेंगे "ड्राफ्ट मतदाता सूची" एवं "एएसडीडीआर...

18 जनवरी को बीएलओ बूथ पर करेंगे “ड्राफ्ट मतदाता सूची” एवं “एएसडीडीआर सूची” का वाचन: मण्डलायुक्त

झांसी, उत्तर प्रदेश। मण्डलायुक्त बिमल कुमार दुबे ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार दिनांक 18 जनवरी 2026 को झांसी मण्डल के तीनों जनपदों—झांसी, जालौन एवं ललितपुर में बनाए गए समस्त मतदान बूथों पर तैनात बूथ लेबिल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर संबंधित बूथ की “ड्राफ्ट मतदाता सूची” एवं “एएसडीडीआर सूची” का वाचन करेंगे। इस दौरान नागरिकों को मतदाता सूची से जुड़ी समस्त जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। मण्डलायुक्त ने बताया कि इस अभियान के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा 16 जनवरी 2026 से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि 18 जनवरी को शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के अधिक से अधिक नागरिक बीएलओ के मतदेय स्थलों पर पहुंचकर सूची का अवलोकन कर सकें। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्रों में प्रत्येक वार्ड में सभासदों एवं तैनात कार्मिकों के माध्यम से कार्यक्रम की सूचना प्रसारित कराई जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि लाउडस्पीकर के माध्यम से ग्राम प्रधान, पंचायत सचिवों एवं पंचायत सहायकों के सहयोग से बीएलओ की उपस्थिति की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाए। इसके अतिरिक्त राजस्व विभाग के लेखपाल, स्वास्थ्य विभाग के ग्राम स्तरीय अधिकारी तथा ग्राम स्तर पर तैनात सभी राजकीय कर्मचारी, जिला स्तरीय अधिकारियों के निर्देशन में ग्राम पंचायतों में इस कार्यक्रम का प्रचार करेंगे। मण्डलायुक्त ने मण्डलवासियों को जानकारी देते हुए बताया कि सभी बीएलओ 18 जनवरी 2026 को सुबह 10:45 बजे से शाम 4:15 बजे तक अपने-अपने मतदेय स्थलों पर ड्राफ्ट मतदाता सूची, एएसडीडीआर सूची, फॉर्म-6, फॉर्म-7, फॉर्म-8 एवं शपथ पत्र की प्रतियों के साथ उपस्थित रहेंगे। बीएलओ के सहयोग के लिए प्रत्येक बूथ पर एक सहायक भी तैनात रहेगा। उन्होंने तीनों जनपदों के प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदेय स्थलों पर बीएलओ और आम नागरिकों के बैठने की समुचित व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, शौचालय एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही कार्यक्रम की प्रभावशीलता और जनभागीदारी बढ़ाने के लिए ग्राम प्रधान, वर्तमान एवं पूर्व वार्ड सदस्य, राशन डीलर तथा अन्य स्थानीय निवासियों का सहयोग लिया जाए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments