VVMC अस्पतालों में भर्ती जरूरतमंद मरीजों को मिलेगा मुफ्त पौष्टिक भोजन
₹3.20 करोड़ के प्रस्ताव को आम सभा की मंजूरी, स्थानीय महिला स्वयं सहायता समूहों को दी जाएगी भोजन तैयार करने की जिम्मेदारी

पालघर। महात्मा ज्योतिबा फुले जन आरोग्य योजना के तहत भर्ती मरीजों को राहत देते हुए वसई-विरार शहर महानगरपालिका (VVMC) ने मुफ्त पौष्टिक भोजन, नाश्ता और चाय उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। बुधवार को हुई आम सभा की बैठक में इस व्यवस्था के लिए ₹3.20 करोड़ के खर्च के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। वसई-विरार क्षेत्र में फिलहाल 7 अस्पताल, 2 मातृ एवं शिशु देखभाल केंद्र, 21 शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 15 बालासाहेब ठाकरे ‘आपला क्लिनिक’ और 45 आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित हैं। इन स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों में बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। महात्मा ज्योतिबा फुले जन आरोग्य योजना के तहत पात्र भर्ती मरीजों को मुफ्त भोजन उपलब्ध कराने का प्रावधान है, लेकिन महानगरपालिका के अधिकांश अस्पतालों में कैंटीन की सुविधा नहीं होने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को समय पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध नहीं होने से उनके स्वास्थ्य और उपचार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका को देखते हुए महानगरपालिका ने मुफ्त भोजन और नाश्ते की व्यवस्था करने का प्रस्ताव तैयार किया। स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष नीलेश देशमुख ने कहा कि महानगरपालिका अस्पतालों में आने वाले ज्यादातर मरीज कमजोर आर्थिक वर्ग से होते हैं और उनके लिए बाहर से भोजन मंगाना या उसकी व्यवस्था करना मुश्किल होता है। विपक्ष के नेता मनोज पाटिल ने फैसले का स्वागत करते हुए भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की मांग की। उन्होंने कहा कि मुफ्त भोजन उपलब्ध कराने की पहल सराहनीय है, लेकिन प्रशासन को भोजन की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों की सख्ती से निगरानी करनी चाहिए। महापौर अजीव पाटिल ने भोजन वितरण व्यवस्था को लेकर निर्देश देते हुए कहा कि एक ही स्थान पर भोजन तैयार कर सभी अस्पतालों में पहुंचाने से दूरी के कारण देरी हो सकती है और मरीजों तक ठंडा भोजन पहुंचने की आशंका रहेगी। इसलिए प्रत्येक अस्पताल के आसपास स्थानीय महिला स्वयं सहायता समूहों (SHG) अथवा स्थानीय संस्थाओं को ताजा भोजन तैयार करने और उसकी आपूर्ति की जिम्मेदारी दी जाए। भोजन की गुणवत्ता और समय पर वितरण सुनिश्चित करने के लिए पूरी व्यवस्था VVMC स्वास्थ्य समिति की निगरानी में संचालित की जाएगी।
