ठाणे में गश्त के दौरान पुलिस सब-इंस्पेक्टर की हत्या
वर्दी में ड्यूटी कर रहे PSI किसान भोईर के सिर पर बांस और पत्थर से हमला, पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला

ठाणे। चितलसर पुलिस स्टेशन में तैनात 56 वर्षीय पुलिस सब-इंस्पेक्टर किसान भोईर की गुरुवार देर रात गश्त के दौरान हमला कर हत्या कर दी गई। गणपति उत्सव के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था के तहत भोईर वर्दी में ड्यूटी पर थे और अपनी टीम के साथ PCR-1 वैन में पोखरण रोड नंबर-2 के पास गांधीनगर और सुभाषनगर इलाके में गश्त कर रहे थे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इसी दौरान पीछे से आए एक व्यक्ति ने भोईर पर हमला कर दिया। आरोपी की पहचान राजू वाल्मीकि (30) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसका आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और घटना के समय वह नशे में था। आरोपी ने कथित तौर पर बांस की लाठी और पत्थर से भोईर के सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल भोईर को तत्काल पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ड्यूटी के दौरान पुलिस अधिकारी की हत्या की घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीसीपी प्रशांत कदम और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुनील वरुडे ने घटनास्थल का जायजा लिया। चितलसर पुलिस ने आरोपी राजू वाल्मीकि को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस घटना के पीछे के कारणों और हमले से पहले हुए घटनाक्रम की जांच कर रही है।
