माथाडी कानून खत्म नहीं होगा, कामगारों के हितों की रक्षा करेगी सरकार: सीएम फडणवीस
वाशी एपीएमसी मार्केट का होगा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पुनर्विकास, सभी 36 माथाडी मंडलों के सशक्तीकरण और पुनर्गठन का ऐलान

ठाणे। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि माथाडी कामगारों को सामाजिक सुरक्षा और कानूनी संरक्षण देने वाला ऐतिहासिक माथाडी कानून किसी भी परिस्थिति में समाप्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस कानून को और मजबूत करेगी। इसके साथ ही वडाला के आवासीय प्रकल्प में करीब तीन हजार माथाडी कामगारों को हक के आधुनिक घर दिए जाएंगे और अगले 50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए वाशी एपीएमसी मार्केट यार्ड का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पुनर्विकास किया जाएगा।
माथाडी आंदोलन के संस्थापक स्वर्गीय विधायक अण्णासाहेब पाटील की 93वीं जयंती के अवसर पर वाशी स्थित कृषि उत्पन्न बाजार समिति में आयोजित कामगार सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मेहनतकश और असंगठित कामगारों को संगठित कर अण्णासाहेब पाटील ने माथाडी कानून को अस्तित्व में लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और कामगारों के श्रम को सम्मान दिलाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि माथाडी कानून कामगारों के लिए सुरक्षा कवच है। कुछ तत्वों द्वारा कानून समाप्त किए जाने को लेकर भ्रम पैदा किया जा रहा है, लेकिन सरकार इसे खत्म नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि माथाडी आंदोलन के नाम पर कुछ फर्जी गिरोह सक्रिय होने की शिकायतें हैं, जो वास्तविक कामगारों का नुकसान कर रहे हैं। ऐसी अनधिकृत गतिविधियों पर अंकुश लगाने और कामगारों के हितों की रक्षा के लिए कामगार नेताओं तथा संबंधित अधिकारियों के साथ जल्द उच्चस्तरीय बैठक कर कदम उठाए जाएंगे। फडणवीस ने कहा कि राज्य के सभी 36 माथाडी मंडलों के सशक्तीकरण और पुनर्गठन का काम हाथ में लिया गया है। मंडलों के कामकाज में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए स्वतंत्र पैनल से ऑडिट कराया जाएगा। कामगारों के वेतन, पीएफ, ग्रेच्युटी, बोनस, मकान किराया और दुर्घटना मुआवजे से संबंधित लंबित मामलों को भी प्राथमिकता से हल किया जाएगा। वडाला स्थित कामगार आवास परियोजना का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना की बाधाओं को दूर कर आवश्यक एफएसआई और अनुमतियां दे दी गई हैं। इसके माध्यम से करीब तीन हजार माथाडी कामगारों को आधुनिक और हक के घर उपलब्ध कराए जाएंगे। भविष्य में कामगारों के लिए अन्य आवासीय परियोजनाएं विकसित करने का भी प्रयास किया जाएगा। वाशी एपीएमसी मार्केट के आधुनिकीकरण को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब 50 वर्ष पहले स्थापित यह बाजार अपने समय में एशिया के बड़े बाजारों में शामिल था। बदलती व्यापार व्यवस्था और बढ़ते कारोबार को देखते हुए अब इसका अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पुनर्विकास किया जाएगा। इसके लिए जमीन के नीचे और ऊपर आवश्यक एफएसआई सरकार उपलब्ध कराएगी। सरकार का कहना है कि आधुनिक बाजार व्यवस्था से माथाडी कामगारों के लिए स्थायी रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। मुख्यमंत्री ने माथाडी कामगारों की अगली पीढ़ी की शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि कामगारों के बच्चे डॉक्टर, इंजीनियर, सीए, सीएस और प्रशासनिक अधिकारी जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ें। अण्णासाहेब पाटील आर्थिक विकास महामंडल और ‘सारथी’ के माध्यम से माथाडी कामगारों के बच्चों की उच्च शिक्षा और कौशल विकास के लिए अलग योजनाएं तैयार करने की बात भी उन्होंने कही। वन मंत्री गणेश नाईक ने माथाडी कामगारों की सामाजिक और शैक्षणिक उन्नति पर जोर देते हुए माथाडी अस्पताल की सुविधाओं के आधुनिकीकरण तथा वडाला आवास परियोजना को जल्द पूरा करने के लिए शासन स्तर पर प्रयास करने का आश्वासन दिया। वहीं पणन मंत्री जयकुमार रावल ने कहा कि किसान, माथाडी कामगार और व्यापारी कृषि उत्पन्न बाजार व्यवस्था के तीन प्रमुख आधार हैं। उन्होंने 50 किलो से अधिक वजन वाले बोरे से संबंधित नियम का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही। कार्यक्रम में विधायक शशिकांत शिंदे ने माथाडी कानून की मूल संरचना और कामगारों के कानूनी संरक्षण को कायम रखने पर जोर दिया। महाराष्ट्र राज्य माथाडी, ट्रांसपोर्ट एवं जनरल कामगार यूनियन के महासचिव तथा अण्णासाहेब पाटील आर्थिक मागास विकास महामंडल के अध्यक्ष नरेंद्र पाटील ने वडाला आवास परियोजना, वाशी एपीएमसी के समयबद्ध पुनर्विकास और कामगारों के बच्चों को उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने की मांग रखी। इस अवसर पर वन मंत्री गणेश नाईक, पणन मंत्री जयकुमार रावल, नवी मुंबई की महापौर सुजाता पाटील, नरेंद्र पाटील, विधायक शशिकांत शिंदे, मंदाताई म्हात्रे, निरंजन डावखरे, मनोज जामसुतकर सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में माथाडी कामगार उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री फडणवीस ने उत्कृष्ट माथाडी कामगारों को स्मृतिचिह्न देकर सम्मानित किया।
